Thursday, January 30, 2014

नानी की कहानी

सुशील झा

सुशील झाः बीबीसी में वरिष्ठ पत्रकार है, लेखन में एक चमक है। उनका नानी वाला यह संस्मरण शब्दो की जादूगरी का नमूना है। 


हमरी हुई एक ठो नानी। नानी बुढ़िया नहीं थी। ठां भी नहीं थी। लेकिन हमको मां जइसन लगती।

चूंकि हम जब बच्चे थे, तो हमरी मां जवान थी। और हम फिलिम देखते तो हमको लगता कि मां तो निरूपा राय होती है। तो समझिए कि हमरी नानी हमरी निरूपा राय थी। हम अपनी मां को अपनी बड़की बहन जैसा ट्रीट करते थे।

पल्लू पकड़ के चुप्पे रहते जब कुछ चाहिए होता। नानी से डिमांड करते। अचार खाना है, भुट्टा खाना है। रोटी खाना है। नानी मुंह में ठूंस के खिलाती।

डांटती और खाने के बाद पानी का लोटा लेके खड़ी रहती...कहती...डकर के पानी पी। लेकिन नानी मिलती गांव में। साल में एक बार। नानी सिर्फ साड़ी पहनती और आंगन भर में नाचती फिरती।

ज्यादा लाड़ आता तो गाल पकड़ के गाने लगती। हम बड़े हुए तो शरमाते हुए पूछे नानी से, नानी, तुम मां की तरह ब्लाउज क्यों नहीं पहनती हो।

नानी बोलीतुम्हारी शादी में पहनेंगे। फिर बताई कि पुराने जमाने में कोई नहीं पहनता था। अब शहर में ब्लाउज न पहनना असभ्यता की निशानी है। गजब प्रोग्रेसिव देश है रे बाबा, खैर नानी को ही सबसे पहले बताए कि प्रेम हुआ है। नानी भुच्च देहाती, बोलीजल्दी बियाह कर लो। वरना प्रेम खत्म हो जाएगा।

माई बाबू से वही लड़ी, और बोली, तुम्हारा छोटका बचवा समझदार है। शादी करने दो। मामा लोग नानी को खरचा में दुई सौ रूपया देते महीना का। और अनाज ढेर। उसी में नानी पैसा बचाकर चार धाम घूम आई थी। जब हम कमाए लगे तो हम पूछे नानी से, बोलो क्या चाहिए। नानी बोली, चप्पल खरीद देओ। पांव फयट जाता है। हम नानी का चप्पल खूब पहिने हैं। हमरा पांव नानी का पांव बराबर है। नानी को चप्पल खरीद दिए थे, और पैसा भी देकर आए थे।

उसके बाद साल नाना जी की मौत हुई फिर नानी मुस्कुराई नहीं। हम जाते तो बोलती, आब हम नय जीयब। नानी को दिल की बीमारी थी। लेकिन कभी अस्पताल नहीं गई। झाड़-फूंक करवाती। बायां हाथ खिंचता था। हमको बहुत साल बाद पता चला कि बायां हिस्सा खिंचने का मतलब दिल की बीमारी होती है।

फिर नाना जी की बरसी के छठे दिन नानी ठकुरबाड़ी गई। रात में सोते समय बोली गंगा जल दो। मामा ने मुंह में गंगाजल डाला और नानी चली गई। नाना जी के पास।

हम तब से अपने नानी गांव नहीं गए। हमको नानीगांव नानी के बिना सूना लगता है। हमको नानी की बिना ब्लाउज के स्तन याद आते हैं। मुझे लगता है मैं उन्हीं का दूध पीकर बड़ा हुआ हूं। नानी का मरना मां के मरने जैसा लगता है। पता नहीं क्यों। हम तब रोए नहीं थे क्योंकि हम नौकरी करते थे। हमको लगा रोना मर्द की निशानी नहीं है।


हम तब मर्द थे...अब इंसान हुए हैँ। तो कभी कभी नानी को याद करके रो लेते हैं। 

Monday, January 27, 2014

केजरीवाल के नाम एक आम आदमी का खत

केजरीवाल जी,

नमस्कार, प्रिय नहीं लिख रहा हूं क्योंकि आप मेरे प्रिय नहीं है। आदरणीय तो मैं बहुत कम लोगों को मानता हूं। पता नहीं, मेरा लिखा आप पढ़ेंगे या नहीं, पढ़े भी क्यों, आप दिल्ली के मुख्यमंत्री ठहरे, और कई आम आदमियों के खास नेता बन चुके हैं।

मैं आम आदमी हूं। लेकिन न आम आदमी पार्टी का सदस्य नहीं। न कभी इच्छा जाहिर की बनने की, न कभी बनूंगा। मैं राजनीति के पचड़े में पडूंगा ही नहीं, आम आदमी राजनीति नहीं करता। मेरे लिए दो वक्त की रोटी जुटाना ज्यादा अहम है। मेरे लिए गैस का महंगा होता जाना ज्यादा मुश्किलें खड़ी कर रहा है।

मैं सिर पर टोरी नहीं लगाता। न टोपी पहनता हूं न पहनाता हूं। जन लोकपाल के लिए अन्ना के आंदोलन के बाद राजनीति के इस नव-टोपीवाद में टोपी निर्माता कौन रहा, ठेका किसको दिया गया, पता नहीं आपने इसका ब्योरा दिया या नहीं, लेकिन मैं जाड़े में बंदरटोपी भी नहीं पहनता...सफेद टोपी तो खैर पहनता ही क्यों। सत्तर के दशक के आखिर और अस्सी के दशक के पूर्वार्ध में सिनेमा वालो ने सफेद टोपी वाले नेताओं के खलनायक की तरह पेश किया। मेरे मन में परेश रावल वाली वो छोकरी फिल्म अब भी छपी हुई है। वो छोकरी में परेश रावल नेतागीरी के लिए अपनी बेटी तक को दांव पर लगा देता है।

बेटी से याद आया, चुनाव के पहले, आपने डीडी के लिए अनुज यादव को दिए इंटरव्यू में कहा था, आप किसी से समर्थन नहीं लेंगे। आपने अपने बच्चों की कसम भी खाई थी, लेकिन आपने समर्थन भी लिया, सरकार भी बनाई। तर्क तो आपके पास होंगे ही।

केजरी जी, बड़ी उम्मीद थी आप से। आप भी वही निकले। नागार्जुन बेतरह याद आ रहे हैं, लिखा था बाबा ने, सौंवी बरसी मना रहें हैं तीनो बंदर बापू के, बापू को ही बना रहे हैं, तीनों बंदर बापू के।

शुरू शुरू में आपको देखता था, तो प्रभावित हुए बिना ही आपकी तुलना फिल्म नायक के अनिल कपूर से करता था। मुझे तो यकीन ही नहीं था कि आप की पार्टी को 28 सीटें मिल जाएंगी...हमको तो लगा कि पांच सीटें भी मिल जाएं तो जय सिया राम। काहे कि आम आदमी हूं, असली वाला आम आदमी...पार्टी वाला नहीं... दिन भर इसी जुगाड़ में लगा रहता हूं कि किधर से काटूं, किधर जोड़ूं...कि महीने के आखिर तक चाल जाए।

जनाब, आपने एक महीने गुजार दिए। आंदोलन के सिवा कुछ किया नहीं। सास-बहू सीरियलों के विज्ञापनों के बीच वक्त चुराकर जब भी टीवी पर खबर देखता हूं, आपके धरने, बिन्नी के धरने, और अक्खड़ सोमनाथ भारती के सिवा कुछ सुनता नहीं।

सच सच बताइएगा, आपको यकीन था कि आप सीएम बन जाएंगे दिल्ली के। आपकी बजाय कोई दूसरी सरकार होती और आप दस विधायकों के साथ विपक्ष में होते तो सरकार की धज्जियां बिखरने में कितना वक्त लगता आपको।

कांग्रेस या बीजेपी की सरकार के मंत्री भारती की तरह काम करते तो आपका धरनास्थल क्या रेल भवन ही होता क्या?

देखिए केजरी साहब, दिल्ली का सीएम बनने से पहले आपको क्या सचमुच इल्म नहीं था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के पास क्या अधिकार हैं? अब आपसे कोई शिकायत नहीं है, क्योंकि हमें नेताओं से कोई उम्मीद ही नहीं रहती है। लेकिन गुरु आपने तो पहले मोर्च पर सारी बारूद खत्म कर दी है...।

लेकिन इतना साफ हो गया है कि आपमें और बाकी पार्टियों में राजनीति करने के तरीकों के अलावा कोई अंतर नहीं...साधन अलग-अलग हैं साध्य वहीः सत्ता। वरना पानी 666 लीटर मुफ्त करने के अलावा कोई और जमीनी काम बताइए मालिक।

अकबर इलाहाबादी लिख गए हैं, हंगामा ये वोट का फ़क़त है, मतलूब हरेक से दस्तख़त है
.........पांव का होश अब फ़िक्र न सर की, वोट की धुन में बन गए फिरकी.....।

केजरी जी, आखिरी में इतना ही कह रहा हूं, जंतर-मंतर पर भीड़ से किनारे खड़ा था मैं, लेकिन आपके साथ था। रामलीला मैदान में, भीड़ के आखिर में, तिरंगा लहराता हुआ आदमी मैं ही था, अन्ना ने जब अनशन तोड़ा था...तो मेरी आंखों में आंसू आ गए थे, और आवाज़ भर्रा गई थी। लेकिन, आप वहां से चलकर, विवादों के घेरे में आ गए।

हमने उम्मीद की थी कि आप भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के जिस युद्धपोत पर सवार होकर सचिवालय तक पहुंचे, वहां से आप कुछ ठोस लेकर आएंगे...लेकिन सुना है एक लाख शिकायतें आ गईं, आपने कुछ करने की बजाय धरने पर बैठना मुनासिब समझा।

ठीक है, कोई बात नहीं, आप धरने पर बैठिए, आपको यही मुनासिब लगता है। लोकसभा का चुनाव आ रहा है, हम वही करेंगे जो हमें मुनासिब लगता है।


आपके घोषणा-पत्र का पहला अक्षर, और आपके काम की आखिरी प्राथमिकता,

एक आम आदमी

Sunday, January 26, 2014

हैप्पी रिप-बली डे

देश के लोगों, अगर आप मुझे पढ़ पा रहे हैं तो गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं स्वीकार कीजिए। अगर आप न्यूजीलैंड जाकर दो हार के बाद एक टाई मैच से उत्साहित हैं, तो  गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं स्वीकार कीजिए। अगर आप महंगाई से परेशान हैं, गैस, पेट्रोल, डीजल, हरी, लाल, पीली सब्जियों की बढ़ती कीमत से परेशान है, तो ज्यादा देर परेशान मत होइए, गणतंत्र दिवस में सुबह में राजपथ की परेड को टीवी पर देखिए, दूरदर्शन के कमेंटेटर की सधी आवाज पर किसी निजी चैनल की नर या मादा एंकर तेजी का तडका लगा देगी, परेशान काहे होते हैं, गणतंत्र दिवस के मजे लीजिए।

क्या हुआ जो  गणतंत्र दिवस रस्मी होकर रह गया है। क्या हुआ जो सरहद पर हमारे जवानों का सिर काट कर पड़ोसी भाग जाता है, क्या हुआ जो हमारे अपने देश में नक्सली हिसा में हमारे सुरक्षाकर्मी मारे जाते हैं, क्या हुआ जो हमारे नेता झूठ बोलते हैं, और मुकर जाते हैं। क्या हुआ जो घोषणापत्रों के खोखले दावों को हम याद भी करना पसंद नहीं करते, आपके दिल बहलाने के लिए पेश है--गणतंत्र दिवस।

टीवी पर करन जौहर को ठुमके लगाते देखिए, मलाइका अरोड़ा के क्लीवेज में झांकिए, किरन खेर के जबरदस्ती के डिम्पल्स में अंकल मदहोश हो गए हैं, नच बलिए में पूरा भारत नाच रहा है, कपिल शर्मा के साथ पूरा देश हंस रहा है, गुत्थी उसके शो से अलग हो गई है, यह सबसे बड़ी समस्या ठहरी। आइए, गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं स्वीकार कीजिए।

जिनके लिए खेतों के सूखे से चिंताजनक है त्वचा का रूखापन, धरती में बित्ते-बित्ते भर की दरारों से विकट समस्या है एड़ियां की दरारे-बिवाईयां, भुखमरी से भयंकर विपदा जिन्हें डैंड्र्फ (रूसी) की लगती है...बेरोजगारी से बड़ी समस्या बालो की कमजोरी और दोमुंहापन...आइए हम सब कपड़े पर लगे दागों से जूझते हैं...आइए उन सबको मैं गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देता हूं।

आइए, हम सभी मिलकर धोनी की हार पर मर्सियां पढ़ें, (जवानो का सिर काटा गया तो क्या हो गया), आइए, हम सब स्वर्ग की सीढ़ी खोजें (भाड़ में जाए बुदेलखंड) हमारे लिए दिल्ली ही देश का आदि है देश का अंत है...(पोर्ट ब्लेयर और सिक्किम की खबरें कौन पढ़ेगा भला) आप सब गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं स्वीकार कीजिए।

देखिए साहब, गणतंत्र में असली माल तो तंत्र के पास है, गण तो महज छिलका है...उसके हाथ में तो बाबा जी का ठूल्लू है।

Thursday, December 26, 2013

बैनीआहपीनाला

बैंगनी रंग का कुरता पहन रखा था शायद कंचनजंघा ने....सूरज पश्चिम में छिपने की कोशिश में था। पहाड़ का तो क्या है, सूरज पहाड़ों के पीछे गया नहीं, कि अंधेरा हुआ...। गंगटोक में भी ऐसा ही हुआ था। सूरज छिपा, अंधेरा हुआ, और इसके साथ ही ठंड ने नश्तर चुभोने शुरू कर दिए।

गंगटोक में मॉल रोड ही है...गुलज़ार रहने वाला। अपने हाफ बाजू के स्वेटर में सिकुड़ता हुआ, काली पृष्ठभूमि में सफेद धुएं के बीच, उस गुलज़ार सड़क पर कपड़ो की एक दुकान पर अटकता हूं....। पीली कुरते वाली लड़की...आंखों में गहरा काजल...।

मेरे चश्में पर भाप जम गई है। मुंह से निकली भाप।  चीजें धुंधली नजर आऩे लगी है। धत्त, ये कोई लड़की नहीं है, मेरी कहानी से निकलकर सामने नहीं आ खड़ी हुई है मेरी नायिका।  ये तो पुतला है, प्लास्टिक का।

बगल में कहीं, चेन्नई एक्सप्रेस का गाना चल रहा है। यो यो हनी सिंह, कोकोनट में लस्सी मिलाकर पीने की गुजारिश कर रहे हैं। लुंगी डांस।

लुंगी डांस राष्ट्रीय गीत की तरह मेरे कानों में बज रहा है...सफदर हाशमी मार्ग पर खड़ा होकर मैं गाड़ियों की भीड़ के खत्म होने का इंतजार कर रहा हूं। दिल्ली की ट्रैफिक मन के अंधेरे और नाउम्मीदी की तरह कभी ना खत्म होने वाली शै है। कार के बेवजह और तेज़ हॉर्न ने टाइम और स्पेस ही बदल दिया। यादों में गंगटोक जीते-जीते, दिल्ली में आ खड़ा हुआ।

सामने है हमारा दफ्तर...गोभी की फूल की तरह नीचे संकरा...ऊपर फूलता चला जाता हुआ। उल्टे पिरामिड जैसी आकृति।

आज सूरज कुछ खास नहीं निकल पाया। बादलों से झड़प हुई थी, या कोहरे को मिल रहे इम्पॉर्टेंस से रूठा हुआ था, वही जाने या आसमान। कोहरा भी कोई पूरी तरह सफेद नहीं है। न कोहरा है, न सूरज है, न उजाला है न अंधेरा है। गजब की नाउम्मीदी है। दिल्ली में सरकार बनाने जैसा अनिश्चय है।

जीवन में अजब गजब रंग देखने को मिलते हैं। आजकल राजनीति रंगीन है। सिर पर सफेद टोपी पहने वाले केजरीवाल ने कहा है, उनकी पार्टी ईमानदार पार्टी है। केजरीवाल ने कहा था उनसे पहले सत्ताधारी पार्टी यानी कांग्रेस भ्रष्ट थी। अब कथित भ्रष्ट पार्टी कथित ईमानदार पार्टी को सपोर्ट दे रही है।

सवाल यह है कि सफेद टोपी वाली पार्टी, भगवा और खाकी रंग वालो, के साथ काली कमाई का आरोप झेल रही कांग्रेस पर क्या कार्रवाई करेगी। दिल्ली की राजनीति का क्या रंग आए गा सामने. यह दिलचस्प होगा। पता है, लाल को कोई रोल नहीं, लेकिन सफेद कितने दिन सफेद बना रहेगा, या धूसर हो जाएगा...लोकसभा चुनाव तक, इसी पर तो सबकी निगाहे हैं।

सोचने का वक्त नहीं है...बैठक शुरू होने ही वाली है...एडिटोरियल मीटिंग। रस्म है। रोजाना। मीटिंग में फिर वही सोच सामने आ जाती है...गाढ़ा बैंगनी कुरते पहनी गंगटोक की बर्फीली कंचनजंघा मेरी फैली हुई बांहों में सिमट गई, तो उस पर छाई हुई बदली सूरज की किरनों से लाल हो गईं थीं....या शरम से।








Tuesday, December 17, 2013

हंपी का माल्यवंत रघुनाथ मंदिरः कुछ तस्वीरें

माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर का शिखर

मंदिर का प्रवेश-द्वार

अहाते के अंदर से प्रवेश-द्वार की छवि

कुछ यूं दिखता है अहाते से मंदिर का चबूतरा

नीम की छांव में मंदिर परिसर

रघुनाथ मंदिर के चबूतरे से पूर्वी द्वार का दृश्य

गर्भगृह में प्रस्थापित रघुनाथ, कमलेश्वरी, लक्ष्मण और हनुमान, सभी फोटोः मंजीत ठाकुर


Tuesday, December 10, 2013

नमो लहर से किसको इनकार है?

नरेन्द्र मोदी निश्चित रूप से ऐसे नेता है, जिनको लेकर कांग्रेस से लेकर तमाम दलों में अजीब सा अनिश्चय है। विधानसभा चुनाव के नतीजे आ ही रहे थे और रूझानों की दौर भी चल रहा था कि बुद्धिजीवियों के एक तबके ने मोदी की लहर को सिरे से इनकार करना शुरू कर दिया। अगर मोदी का विरोध करना है, और लोकतंत्र ऐसे ही चलता है, तो उऩकी कमजोरियों के साथ उनकी ताकत को भी समझना होगा। कांग्रेस और बाकी के दल जितनी जल्दी मोदी से मुंह छिपाने की बजाय उनकी लहर की वजहों को समझने की कोशिश करेंगी, 2014 में उनके लिए उतनी ही आसानी होगी।

8 दिसंबर को तमाम बुद्धिजीवियों ने मोदी की लहर से इनकार करते हुए दिल्ली और छत्तीसगढ़ के परिणामों की मिसालें दी। राजस्थान में कांग्रेस के खिलाफ लहर बताई और मध्य प्रदेश में यह सेहरा शिवराज के सिर बांधा। सच है कि दिल्ली और छत्तीसगढ़ में बीजेपी के वोट शेयर में कोई बढोत्तरी दर्ज नहीं की गई है।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के समर्थक और बीजेपी के विरोधी कहते रहे कि केजरीवाल और उनके दल ने बड़ो-बड़ों को धूल चटा दी। तर्क यह भी दिया गया कि राजस्थान और मध्य प्रदेश में बीजेपी की जीत के पीछे वहां आप जैसे किसी तीसरे विकल्प का न होना है।

चार राज्यों में चुनाव के नतीजे बाकी कुछ कहें, एक बात तो साफ है कि यहां कांग्रेस विरोधी लहर तो थी। राजस्थान और मध्य प्रदेश के आंकड़े मोदी लहर या नमो लहर की तस्दीक भी करते हैं। दिल्ली में भी जिन लोगों ने आप को विधानसभा के लिए वोट दिया है, लोकसभा में वो मोदी के पक्ष में मतदान करेंगे (ओपिनियन पोल इस आंकड़े को कुल वोटर का आधा, यानी पचास फीसद और आप का खुद का सर्वे एक तिहाई  कह गया है)

दिल्ली के त्रिकोणीय संघर्ष में कांग्रेस के विधायको की संख्या एक इनोवा कार में बैठकर विधानसभा तक जाने तक सीमित रह गई है (थोड़ी कोशिश से इनोवा में आठ लोग बैठ सकते हैं) वैसे बताते चलें कि आपातकाल के ऐऩ बाद हुए चुनाव में भी कांग्रेस को दिल्ली में 10 सीटें मिल गई थीं। तो हालात कांग्रेस के लिए सन सतहत्तर से भी बुरे हैं।

राजस्थान में पिछले तेरह चुनावो में कांग्रेस की औसत सीट संख्या 92 रही है। कांग्रेस अब तक के सबसे कम, यानी आपातकाल के बाद हासिल सीट संख्या से भी आधी रहकर 21 पर सिमट गई। बीजेपी का सबसे बुरा प्रदर्शन राज्य में 1980 में रहा था, जब वह 32 सीटें ही जीत पाई थी।

क्या राजस्थान में बीजेपी को इतनी बड़ी संख्या में इसलिए वोट पड़े क्योंकि वहां विकल्प के रूप में आप नहीं था?
उधर, मध्य प्रदेश में 2008 के अपने प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए, बीजेपी ने 22 ज्यादा सीटें हासिल की हैं। हालांकि दिग्विजय सिंह साल 2003 में वहां सिर्फ 38 सीटें हासिल करके कांग्रेस को निम्नतम स्तर तक ले जा चुके हैं, लेकिन 58 सीटें भी बहुत नहीं होती।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 39 सीटें मिली है। आपातकाल के बाद 1977 के चुनाव में (संयुक्त मध्य प्रदेश के आंकड़ो के साथ) कांग्रेस को 36 सीटें मिली थीं।

दिल्ली में बीजेपी के सौ में छह वोटरों ने आप के लिए वोट किया है, लेकिन कांग्रेस के 36 फीसद वोटर आप की तरफ चले गए।

कल के पोस्ट में कुछ रैलियों और उसके असर का जायज़ा लेंगे कि आखिर, कांग्रेस रागा (राहुल गांधी) और भाजपाई नमो-नमो में किसका असर वोटरों पर ज्यादा पड़ता है, बांहे चढ़ाना ज्यादा असरदार है, ये केसरिया रंग।




Saturday, November 23, 2013

किष्किन्धा कांडः दूसरी किस्त

तथा स बालिनं हत्वा सुग्रीवमभिषच्य च वसन् माल्यवतः पृष्ठे रामो लक्ष्मणब्रवीत्', वाल्मीकि. किष्किंधा पर्व 27,1। एतद् गिरेमल्यिवतः पुरस्तादाविर्भवत्यम्बर लेखिश्रृंगम्, नवं पयो यत्र घनैर्मया च त्वद्धिप्रयोगाश्रु समं विसृष्टम्', रघुवंश 13,26।
 
यानी यही वह पर्वत माल्यवंत है जिसपर राम रूके थे। उत्सुकता बढ़ गई थी। सामने ऋष्यमूक भी दिख रहा था। बनवारी लाल जी अभिभूत हुए जा रहे थे। अगर राम को भगवान न भी मानें, सिर्फ एक दिलेर इंसान भी मान लें, तो भी इन सभी किताबों में वर्णित जुगराफिये का कायल हुआ जा रहा था।



माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर। भई, क्या ही खूबसूरत पत्थर...उनके बीच झुलसती गरमी में उठती दाह..। ज़मीन पर गरमी की वजह से जो तरंगे उठ रही थीं, वो दिख सी रही थीं। परछाईयां हिल रही थी। तकरीबन डेढ़ हज़ार साल पुरानी मंदिर की उस भव्य इमारत में घुसा तो सबसे पहले साए की खोज की हमने। 


कैमरे पर खटाखट तस्वीरें लिए जा रहा था मैं। स्टिल कैमरा घुमाने में कोई लफड़ा नहीं था। मंदिर के गोपुर से भीतर गया तो एक प्रशस्त आंगन था। ऐन सामने मंदिर...मंदिर में स्पीकर पर बजता रामधुन। लेकिन थोड़ा अलग सा। 


गौर किया तो हमारे उत्तर भारत की तरह मानस पाठ नहीं था। 


ठीक सामने तुलसी का पौधा, हरा। तुलसी के पौधे पर उसके मंजर (फूल) लगे थे। ऐसी तुलसी बड़ी गजब की दिखती है। मुख्य मंदिर के बाईं तरफ नीम का पेड़ था। फूलों के कुछ पौधे थे जो गरमी से हलकान हो  रहे थे। मौसमी फूलों की जगह स्थायी किस्म के फूलों को तरजीह मिली थी। जिनको पानी-वानी, देख-रेख की ज्यादा चिंता नहीं रहती। 


मंदिर का चबूतरा चार सीढियों ऊपर था। माथे पर तिलक-त्रिपुंड रचाए दो नौजवान पुजारी रामायण पाठ में लीन थे। शायद दोपहर की वजह से, या शायद गरमी  की वजह से, शायद प्यास से, या उनको नींद सी आ रही थी, या फिर भूख लग आई थी, कतिपय कारणों से पाठ का स्वर धीमा था।

पुजारियों के सुर में ऊब या झल्लाहट थी। पता नही क्यों। पता नहीं शिकायत राम से ही, इत्ती दूर क्यों आ गए थे पहाड़ पे? 

बहरहाल, मंदिर के अंदर हम गए तो हम ही तीन लोग सैलानी के रूप में थे। मैं, कैमरामैन बनवारी जी और कैमरा सहायक विनोद। माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर में दक्षिण भारतीय स्थापत्य की सारी विशेषताएं हैं। मंदिर में बहुत सारे खंभे हैं। और पुजारी ने अचानक हमारे लिए गर्भगृह का पट भी खोल दिया। 

हमने कहा, दोपहर में पट कैसे खोला तो बुजुर्ग मुख्य पुजारी का कहना था कि आप इतनी दूर से आए हैं राम के लिए तो राम का कर्तव्य है कि आपके लिए दोपहर में जगे। मैं मुस्कुरा उठा...बहरहाल, मैं उस गर्भगृह में मूर्ति देखना चाहता था। 

बुजुर्ग पुजारी ने बताया कि माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर में न जाने कितने वर्षों से अखंड वाल्मीकी रामायण का पाठ होता है। मंदिर के गर्भगृह में राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की मूर्तियां हैं। इन मूर्तियों की खासियत है कि इनमें राम बुद्ध की तरह भूमि स्पर्श योग मुद्रा में हैं, यानी उनका बायां हाथ भूमि को स्पर्श कर रहा है। दूसरा नाभि स्थल को। सीता यहां कमलेश्वरी के रूप में हैं। 

कमला लक्ष्मी को कहा जाता है। सीता के चार हाथ हैं, जिनमें लक्ष्मी की तरह कमल वगैरह हैं। लक्ष्मण भी यहां धनुषबाण के स्थान पर आशीर्वाद की मुद्रा में हैं। यह आश्चर्यजनक था। मैंने इससे पहले कहीं, लक्ष्मण को बैठे हुए और इस तरह आशीर्वाद की मुद्रा में नही देखा था।

ये तीनों मूर्तियां काले ग्रेनाइट की बनी थीं। मूर्तियों के  बदन पर पर्याप्त, बल्कि पर्याप्त से भी ज्यादा जेवरात थे। माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर का गर्भगृह एक ही पत्थर को काटकर बनाया गया है। इसी पत्थर में उभार कर उकेरे गए हैं, हनुमान। माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर के इस एकाश्म गुहा में हनुमान राम दरबार की तरह विनीत भाव में तो हैं, लेकिन वह अपने हाथ से सीता की चूड़ामणि देते दिखाए गए हैं। 

पुजारी जी ने कहा कि प्राचीन मंदिर में सिर्फ हनुमान राम और लक्ष्मण थे। लेकिन बाद में सीता को प्रतिष्ठित किया गया। और एकाश्म मंदिर के ऊपर विशाल माल्यवन्त मंदिर का निर्माण करीब डेढ़ हज़ार साल पहले सन् 650 ईस्वी के आसपास पल्लव राजा नरसिंह वर्मन् प्रथम ने करवाया। 

बहरहाल,  जब रामायण पाठ कर रहे पुजारियों की शिफ्ट बदली, तो पाठ करके उठे पुजारी से मैंने बात करनी चाही। पहले तो नाम जानकर ही हैरत हुई, और बात करने में उच्चारण का लहज़ा। युवा पुजारी की मूंछें अभी कायदे से उगी भी नहीं थी, नाम था मधुसूदन शास्त्री। मैंने चौंककर कहा कि कहां के हो, तो उसने बिहार का नाम लिया। पता चला, साहब बेगूसराय के हैं। 

वाल्मीकी जी को गर्व होता होगा, बेगूसराय के युवा कर्नाट्क की किष्किंधा में रामायण पाठ कर रहे हैं। माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर में बातें करने पर पता चला कि युवा पुजारियों का एक समूह तिरूपति ट्रस्ट की देखरेख में मंदिरों की देखभाल और पूजा पाठ करता है। ये सभी पुजारी  तिरूपति से प्रशिक्षित थे। 

तभी हमें मुख्य पुजारी ने बातचीत का न्यौता दिया। बातों-बातों में यह भी पता चला कि रामनवमी को छोड़कर माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर में लोगों का आना इक्का-दुक्का ही होता है। हम जैसा कोई आवारा सैलानी ही उधर आ निकलता है। लेकिन रामनवमी में काफी भीड़ होती है।

हमने पूछा कि आपका खाना खर्चा कैसे चलता है, तो मुख्य पुजारी ने कहा कि घरबार तो है नहीं, रूपया पैसा क्यों चाहिए। बाकी बचा, मंदिर की देखभाल,तो वह एएसआई के जिम्मे है। ऐतिहासिक इमारत वाला हिस्सा। और जो मंदिर वाला सामान्य हिस्सा है, वहां के पूजा पाठ प्रसाद के खर्चे अगल बगल के किसान खुद साल में एक बार दे जाते हैं अनाज-दालें वगैरह।

विश्राम शाला में कंप्यूटर भी था। मुझे हैरत में पड़ा देखकर मुख्य पुजारी ने कहा था, हिसाब किताब साफ रखने के लिए। एक पैसे की बेईमानी बर्दाश्त नहीं। देश भर में बाबाओं की करतूत ऐसी घिनौनी हो चुकी है,कि पुजारी की ऐसी बातों का सहसा भरोसा नहीं हो पा रहा था।

हमने जाने की इजाज़त मांगी तो बुजुर्गवार पुजारी ने कहा प्रसाद पाते जाओ(खाना खाने का न्यौता था जनाब)। अब आदतन कहें या जन्मना ब्राह्मण होने की वजह से, हम प्रसाद पाने या कुछ भी खाने में कभी संकोच नहीं करते। हम प्रसाद पाने के लिए बैठे, तो भूख, गरमी..या शुद्धता जो भी कारक सबसे प्रबल हो, हमने जो स्वाद पाया उसका जिक्र किया नहीं जा सकता। बस एक ही शब्द हैः दिव्य।

दाल में नमक कम थी, तो छोटू पुजारी जी रामरस ले आए, जो नमक का सधुक्कड़ी नाम है। ऐसी ही कई चीज़े, जिनका नाम सधुक्कड़ी था, पर स्वाद वही था, बिहार के हमारे गांव का। कर्नाटक में घूमते-घूमते नारियल के तेल में पकी सब्जी, और खट्टी सब्जी, रसम खाते-खाते खाना हमारे लिए एक रस्म भर रह गया था। यहां खाने में भात था, दाल थी, लौकी आलू की तरकारी थी, हरी मिर्च थी, और आम का अचार...मित्रो, ऐसा अदुभत स्वाद था कि हमें लगा हमने बरसों से कुछ खाया ही नहीं।

खाने के बाद हमारे जाने की बारी आई, तो मिष्टान्न का प्रबंध भी था...आगे जाने के लिए मुट्ठी भर मेवा भी...सबके हाथों में। मंदिर में खिले पीले कनेर, नीम की फर-फर पत्तियों, कोने के कुएं, माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर के खंभो...इन सबकी परछाईं को मैंने जी भर कर देख लिया. इनकी परछाई में हमने दो घंटे बिताए थे। पता नहीं अब कब मुलाकात हो।

इनकी तस्वीरें अलग से पोस्ट में साझा करूंगा। 

माल्यवन्त रघुनाथ मंदिर के बाद हमारी मंजिल थी, हम्पी। जहां विजयनगर के खंडहर हमारा इंतजार कर रहे थे। बाहर का तापमान कोई 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। लेकिन तारकोल की उबलती सड़के पर गाड़ी भागी जा रही थी-सर्रर्रर्रर्र....।

जारी...।