मंगलवार, 17 नवंबर 2026

मेयाझगन: साइकिल, गांव, अनजान रिश्तेदार छोटी-छोटी बातों का बड़ा सिनेमा

हिंदी फिल्मों के शोर से ऊब गए हैं? देखिए तमिल फिल्म ‘मेयाझगन’, जहां छोटी-छोटी बातें ही बड़ी कहानी बन जाती हैं

तमिल फिल्म ‘मेयाझगन’ फिल्म का पोस्टर

सिनेमा में हर बार धमाका जरूरी नहीं. कभी-कभी एक पुरानी साइकिल, गांव की एक रात, अनजान रिश्तेदार की बेतकल्लुफ मोहब्बत और कुछ भूली-बिसरी यादें भी आपको भीतर तक छू सकती हैं. तमिल फिल्म ‘मेयाझगन’ इसी किस्सागोई का खूबसूरत उदाहरण है.

‘सिंघम अगेन’ और ‘भूल भुलैया 3’ जैसी हिंदी फिल्में देखते हुए कई बार लगता है कि सिनेमा में अब कहानी से ज्यादा शोर का महत्व रह गया है. बड़े सितारे, कई-कई लेखक, भारी-भरकम बजट, एक्शन, वीएफएक्स और धूम-धड़ाका सब कुछ मौजूद है, बस वह चीज गायब है जिसके लिए हम फिल्म देखने जाते हैं: एक अच्छी कहानी.

यह मेरी निजी राय हो सकती है, लेकिन हाल के वर्षों में हिंदी की कुछ बड़ी फिल्मों को देखते हुए यह सवाल बार-बार मन में आता है कि क्या दर्शकों को प्रभावित करने के लिए अब केवल सितारों की भीड़ और भव्य दृश्य ही काफी हैं?

ऐसे में दक्षिण भारतीय सिनेमा की कुछ फिल्में राहत देती हैं. वे आपको बिना किसी हड़बड़ी के कहानी सुनाती हैं. वहां दृश्य हैं, संवाद हैं, संगीत है और सबसे बढ़कर किरदार हैं. सब कुछ एक मुकम्मल सिनेमाई व्याकरण के साथ.

कुछ समय पहले मैंने तमिल फिल्म ‘कदैसी विवासायी’ के बारे में लिखा था. उस फिल्म ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया था. मलयालम फिल्म ‘भ्रमयुगम’ ने अपने अद्भुत ट्रीटमेंट से दिल जीत लिया. मम्मूटी ने अपने सधे हुए अभिनय से फिल्म को एक अलग ही ऊंचाई दी. वैसे भी मलयालम सिनेमा में अडूर गोपालकृष्णन की फिल्मों ने मेरे मन में एक खास जगह बना रखी है.

बहरहाल, कुछ समय पहले एक और तमिल फिल्म देखने का मौका मिला. नाम हैः ‘मेयाझगन’ (Meiyazhagan).

तमिल फिल्म ‘मेयाझगन- छोटी-छोटी बातों में छिपा बड़ा सिनेमा


सिनेमा के मामले में अक्सर फिल्मकार बड़े परदे के अनुभव को भव्य बनाने के लिए कहानी के बड़े पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करते हैं. लेकिन ‘मेयाझगन’ के निर्देशक सी. प्रेम कुमार ने छोटी-छोटी बातों और सूक्ष्म पलों को पकड़ा है. उन्होंने जीवन के उन अंतरंग (ऊंह, वो वाला ‘अंतरंग’ नहीं!) क्षणों को परदे पर उतारा है, जिन पर हम अक्सर ध्यान ही नहीं देते.

प्रेम कुमार की पहली फिल्म ‘96’ भी अपनी संवेदनशीलता और दृश्यात्मक खूबसूरती के लिए याद की जाती है. ‘मेयाझगन’ में भी कैमरा केवल कहानी दर्ज नहीं करता, बल्कि किरदारों की मनःस्थिति और उनके आसपास की दुनिया को महसूस कराता है.

फिल्म के कई दृश्य ऐसे लगते हैं जैसे किसी ने बेहद खूबसूरत तस्वीरों को जोड़कर एक चलती-फिरती स्मृति बना दी हो.

तमिल फिल्म मेयाझगन में अरुल और उसके रिश्तेदार का दृश्य

 इस फिल्म में निर्देशक कई ऐसे सवाल उठाते हैं, जिनके जवाब हमें लगता है कि बहुत पहले मिल चुके हैं. मसलन, क्या आपने कभी सोचा है कि जिस जगह आपका जन्म हुआ, उसे आपका गृहनगर क्यों कहा जाता है? क्या जन्मस्थान और घर एक ही चीज हैं? और अगर किसी को अपना घर छोड़ना पड़े, तो क्या वह जगह हमेशा के लिए उसके भीतर से भी चली जाती है?

तमिल फिल्म मेयाझगन - गांव लौटने की एक अनिच्छुक यात्रा


फिल्म की शुरुआत 1996 से होती है. एक युवा अरुलमोझी वर्मन, जिसे परिवार और दोस्त अरुल कहते हैं, अपने परिवार के साथ एक ऐसे दर्द से गुजरता है, जिसे शायद ही भारतीय सिनेमा में इतनी संवेदनशीलता से दिखाया गया हो.

अरुल के परिवार की पैतृक संपत्ति पर कुछ रिश्तेदारों ने धोखे से कब्जा कर लिया है. परिवार को अपना गांव छोड़कर शहर में बसना पड़ता है. इस घटना का असर इतना गहरा है कि अरुल और उसका परिवार उस गांव से दूरी बना लेते हैं. वह जगह अब उनके लिए घर नहीं, बल्कि एक दुखद स्मृति बन चुकी है.

समय गुजरता है. साल 2018 आता है. अरुल को अपनी एक रिश्तेदार की शादी में गांव जाना पड़ता है. वह इस यात्रा को बहुत छोटा रखना चाहता है. शादी में शामिल होना है, बहन को आशीर्वाद देना है और रात में वापस लौट जाना है. उसके मन में गांव को दोबारा जानने, पुरानी यादें ताजा करने या अपनी जड़ों की तलाश करने जैसी कोई इच्छा नहीं है.

लेकिन शादी की रात उसकी मुलाकात एक ऐसे युवा रिश्तेदार से होती है, जो उससे बेहद आत्मीयता से मिलता है. वह लगातार बातें करता है, उसे अपने साथ घुमाता है, उसके बारे में बहुत कुछ जानता है. लेकिन एक अजीब बात है- अरुल उसका नाम याद नहीं कर पाता. उधर वह युवक भी अपना नाम बताने की जल्दी में नहीं है.

बस, यहीं से फिल्म एक दिलचस्प यात्रा शुरू करती है.

एक शहरी आदमी अपने गांव लौटता है और अपनी जड़ों को खोजने लगता है—यह एक जाना-पहचाना कथानक हो सकता था. लेकिन प्रेम कुमार इस आसान रास्ते पर नहीं चलते. उनका अरुल गांव में खास दिलचस्पी नहीं दिखाता. वह वहां के लोगों, जगहों और स्मृतियों से बचना चाहता है. वह जितनी जल्दी हो सके, वहां से निकल जाना चाहता है.

निर्देशक की खूबी यह है कि वह अपने किरदार को किसी तैयार निष्कर्ष तक पहुंचाने की जल्दी में नहीं हैं.

तमिल फिल्म मेयाझगन एक साइकिल और स्मृतियों का रिश्ता


कहानी की शुरुआत में कुछ ऐसे सूत्र छोड़े जाते हैं, जिनकी अहमियत बाद में समझ में आती है. मसलन, अरुल गांव छोड़ते समय अपनी साइकिल वहीं छोड़ आता है. वह सहजता से कहता है कि कोई इसका इस्तेमाल कर लेगा.

लेकिन वही साइकिल एक दूसरी जिंदगी को बदल देती है. अरुल के लिए वह महज एक पुरानी वस्तु है, लेकिन किसी दूसरे के लिए वह जीवन की दिशा बदल देने वाली चीज बन जाती है.

फिल्म में अरविंद स्वामी, कार्ति और श्री दिव्या प्रमुख भूमिकाओं में हैं

फिल्म में ऐसी कई छोटी-छोटी चीजें हैं, जो बाद में भावनात्मक अर्थ हासिल करती हैं. एक घर, एक साइकिल, एक बैल, किसी पुराने परिचित का चेहरा या किसी के मुंह से निकला एक मामूली-सा वाक्य- इन सबका अपना महत्व है.

यही तो किस्सागोई है! कहानीकार आपको हर बात का अर्थ उसी समय नहीं बताता. वह कुछ चीजें आपके सामने रख देता है और भरोसा करता है कि आप समय आने पर उनके बीच का रिश्ता समझ लेंगे.

कार्ति का किरदार कहानी पर छा जाता है

फिल्म में अरुल की भूमिका अरविंद स्वामी ने निभाई है और कार्ति उस अनाम रिश्तेदार के किरदार में हैं, जिसका नाम अरुल याद नहीं कर पाता. फिल्म में अन्य किरदार भी हैं, लेकिन इन दोनों के बीच का रिश्ता ही कहानी का केंद्र बन जाता है.

निर्देशक ने कार्ति के किरदार को कई बार फ्रेम पर छा जाने की पूरी छूट दी है. वह बोलता है, हंसता है, शरारत करता है, सवाल पूछता है और अरुल को लगातार अपने साथ जोड़े रखता है. उसके व्यवहार में एक सहज मासूमियत है. वह किसी पर अपनी अच्छाई थोपता नहीं, बस अपने स्वभाव से लोगों को अपना बना लेता है.

अरविंद स्वामी का किरदार इसके ठीक उलट है. वह संकोची है, अपने भीतर सिमटा हुआ है और अतीत के एक घाव को लेकर जी रहा है. उसे इस बात से परेशानी होती है कि यह अनजान-सा रिश्तेदार उससे इतना घुल-मिल क्यों रहा है.

धीरे-धीरे दोनों के बीच एक ऐसा रिश्ता बनता है, जो फिल्म का सबसे खूबसूरत हिस्सा है. अरुल की झिझक कम होती है और वह उस युवक के स्नेह को स्वीकार करने लगता है.

अरविंद स्वामी ने अपने किरदार के भीतर चल रहे बदलाव को बहुत सधे हुए ढंग से निभाया है. उनके चेहरे पर आने वाले छोटे-छोटे भाव, चुप्पी और असहजता बहुत कुछ कह जाते हैं. यह उनके बेहतरीन अभिनय में से एक है.

और कार्ति! उनके किरदार की मासूमियत और शरारत में एक निरंतरता है. वह कहीं भी अभिनय करते हुए नजर नहीं आते. लगता है जैसे यह आदमी सचमुच ऐसा ही है—सबसे मिलनसार, सबका हाल जानने वाला और अपने आसपास के लोगों को खुश रखने की कोशिश करने वाला.

तमिल फिल्म मेयाझगन- छोटे किरदार, बड़ी दुनिया


फिल्म की एक और खूबी इसके सहायक किरदार हैं. शादी के दौरान मिलने वाली एक महिला का छोटा-सा प्रसंग याद रह जाता है. वह अरुल से कहती है कि अगर उसकी शादी उससे हुई होती तो उसकी जिंदगी कुछ और होती.

ऐसे कई किरदार हैं, जो कुछ मिनटों के लिए आते हैं, लेकिन अपनी एक अलग छाप छोड़ जाते हैं. उनके संवाद बनावटी नहीं लगते. वे वैसे ही बोलते हैं, जैसे हमारे आसपास के लोग बोलते हैं. उनके व्यवहार में सहजता है और उनकी मौजूदगी कहानी की दुनिया को विश्वसनीय बनाती है.

फिल्म के संवादों में भी एक खास तरह की आत्मीयता है. यहां हर बात का उद्देश्य कहानी को तेजी से आगे बढ़ाना नहीं है. कई बार बातचीत अपने आप में कहानी बन जाती है. एक किरदार दूसरे को सुनता है, उसकी बात का जवाब देता है और उस बातचीत से दोनों के व्यक्तित्व की नई परत खुलती है.

सी. प्रेम कुमार की यही विशेषता है. वह जानते हैं कि इंसान को समझने के लिए हमेशा बड़े घटनाक्रम की जरूरत नहीं होती. कभी-कभी उसकी छोटी-सी आदत, किसी जानवर के प्रति उसका व्यवहार या किसी पुराने परिचित के लिए उसकी चिंता ही काफी होती है.

तमिल फिल्म मेयाझगन- बैल, सांप और प्रकृति के संकेत


फिल्म में बैल और सांप का इस्तेमाल भी दिलचस्प है. कई बार इन्हें देखकर मन में सवाल उठता है कि क्या निर्देशक कहीं शिव की ओर संकेत कर रहे हैं? भारतीय सांस्कृतिक स्मृति में बैल और सांप के अपने धार्मिक और प्रतीकात्मक अर्थ हैं. हालांकि इसे निर्देशक का घोषित उद्देश्य मानने के बजाय दर्शक के रूप में अपनी एक व्याख्या ही कहना उचित होगा.

फिल्म में प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदना भी दिखाई देती है. कार्ति के किरदार का अपने बैल धौनी के साथ रिश्ता खास तौर पर ध्यान खींचता है. वह केवल एक पशु नहीं, बल्कि उसके जीवन और भावनात्मक संसार का हिस्सा है.

यहां भी फिल्म कोई भाषण नहीं देती. वह बस कुछ दृश्य दिखाती है और दर्शक को महसूस करने देती है.

मेयाझगनः असली कहानी मानवीय रिश्तों की है


‘मेयाझगन’ की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह रिश्तों की कहानी है. हर फिल्म में रोमांस होना जरूरी नहीं. प्रेम केवल प्रेमी-प्रेमिका के बीच ही नहीं होता. परिवार में, दोस्ती में, भाईचारे में और दूर के रिश्तेदारों के बीच भी प्रेम के अनेक रूप हो सकते हैं.

इस फिल्म में दो दूर के रिश्तेदारों के बीच पनपते स्नेह को जिस सहजता से दिखाया गया है, वह मन को छूता है. अरुल और उस अनाम युवक के बीच का रिश्ता किसी बड़े भावुक संवाद या नाटकीय घटना से नहीं बनता. वह छोटी-छोटी मुलाकातों, बातचीत, शरारतों और साथ बिताए गए समय से विकसित होता है.

फिल्म देखते हुए आप महसूस करते हैं कि कभी-कभी कोई अनजान-सा व्यक्ति भी आपके जीवन में ऐसी जगह बना लेता है, जिसके बारे में आपने सोचा तक नहीं था.

और शायद इसी वजह से फिल्म का शीर्षक भी अर्थपूर्ण हो जाता है. ‘मेयाझगन’ केवल किसी व्यक्ति का नाम नहीं, बल्कि उसके भीतर की सुंदरता और आत्मीयता की ओर भी संकेत करता है.
मेयाझगन- निर्देशक और लेखक सी. प्रेम कुमार हैं

मेयाझगनः तो क्या हिंदी फिल्मों से निराश दर्शकों को दक्षिण का रुख करना चाहिए?


मेरा जवाब है—बिल्कुल, लेकिन किसी भाषाई श्रेष्ठता के आग्रह के साथ नहीं. अच्छी फिल्में हर भाषा में बनती हैं. हिंदी में भी बेहतरीन सिनेमा बना है और बन रहा है. सवाल यह है कि हम किस तरह की फिल्मों को देखने का समय निकालते हैं और किस तरह की कहानियों को महत्व देते हैं.

‘मेयाझगन’ जैसी फिल्में याद दिलाती हैं कि सिनेमा में शोर के बिना भी प्रभाव पैदा किया जा सकता है. हर दृश्य में कोई बड़ा ट्विस्ट जरूरी नहीं. हर किरदार को हीरो बनने की जरूरत नहीं. हर रिश्ते को रोमांस में बदलना भी जरूरी नहीं.

कभी-कभी एक पुरानी साइकिल, गांव की एक रात और किसी अनजान रिश्तेदार का बेपनाह स्नेह ही पूरी फिल्म के लिए काफी होता है.

अगर आप भी दोहराव भरे कथानकों, एक्शन के शोर और सितारों की भीड़ से ऊब गए हैं, तो ‘मेयाझगन’ देखिए. यह फिल्म आपको कहीं भागने नहीं देगी. वह धीरे-धीरे आपके साथ चलेगी, आपसे बातें करेगी और शायद फिल्म खत्म होने के बाद भी आपके भीतर चलती रहेगी.

क्योंकि अच्छी किस्सागोई का कमाल यही है—कहानी खत्म हो जाती है, लेकिन उसके किरदार आपका साथ नहीं छोड़ते.

***

कोई टिप्पणी नहीं: