अर्थव्यवस्था लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अर्थव्यवस्था लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 23 नवंबर 2026

50 हजार किलोमीटर हाईवे पर AI की नजर: गड्ढे पकड़ने वाली तकनीक ठेकेदारों की जवाबदेही भी तय कर पाएगी?

भारत में सड़क निर्माण की चर्चा अक्सर नए एक्सप्रेसवे, चौड़ी सड़कों और हजारों किलोमीटर के नेटवर्क तक सीमित रहती है. लेकिन सड़क बन जाने के बाद उसकी देखभाल कौन करेगा, गड्ढे कितनी जल्दी भरेंगे और खराब सड़क के लिए जिम्मेदार ठेकेदार पर कार्रवाई कैसे होगी- ये सवाल आम नागरिक के लिए कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण हैं.

अब NHAI ने इन सवालों का जवाब तकनीक में तलाशना शुरू किया है.




राष्ट्रीय राजमार्गों पर गड्ढे, उखड़ी हुई सड़कें, धुंधली पड़ चुकी सफेद पट्टियां, खराब स्ट्रीट लाइट और असुरक्षित निर्माण स्थल आम यात्रियों के लिए रोजमर्रा की परेशानी हैं. कई बार सड़क की खराब स्थिति की शिकायतें महीनों तक चलती रहती हैं.

मरम्मत की जिम्मेदारी किसकी है, शिकायत किसके पास पहुंची और कार्रवाई हुई या नहीं- इन सवालों का जवाब ढूंढ़ना भी आसान नहीं होता.

ऐसे में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI ने सड़क रखरखाव की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डैशकैम प्रणाली शुरू की है.

23 नवंबर 2026 को The Times of India में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, NHAI के संचालन और रखरखाव के अधीन लगभग 50 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों पर इस प्रणाली से साप्ताहिक निगरानी की जा रही है.

यह पहल इसलिए दिलचस्प है कि इसमें सड़क की हालत का आकलन केवल निरीक्षण करने वाले अधिकारियों की रिपोर्ट पर निर्भर नहीं रहेगा. गश्ती वाहनों में लगे कैमरे सड़क की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड करेंगे.

AI प्रणाली इन रिकॉर्डिंग का विश्लेषण करके खामियों की पहचान करेगी, उनकी लोकेशन दर्ज करेगी और संबंधित ठेकेदार तक सूचना पहुंचाएगी.

लेकिन इस तकनीकी पहल का सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या AI केवल गड्ढे गिनेगा या सड़क की गुणवत्ता के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही भी सुनिश्चित कर पाएगा?

40 तरह की खामियों पर नजर


NHAI के अधिकारियों के हवाले से The Times of India की रिपोर्ट बताती है कि डैशकैम प्रणाली लगभग 40 प्रकार की सड़क संबंधी खामियों की पहचान कर सकती है. इनमें गड्ढे, सड़क की सतह का खराब होना, सड़क पर बने निशानों का फीका पड़ना और खराब स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याएं शामिल हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, कैमरे लगभग दो इंच तक के गड्ढों की पहचान कर सकते हैं. गश्ती वाहनों में लगे कैमरों से प्राप्त तस्वीरों और वीडियो के साथ खामी की सटीक लोकेशन भी दर्ज होती है. इस जानकारी को संबंधित सड़क खंड के रखरखाव के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और NHAI के अधिकारियों के साथ साझा किया जाता है.

इस व्यवस्था का एक महत्त्वपूर्ण पहलू यह है कि सड़क की हालत का रिकॉर्ड नियमित रूप से तैयार होगा. पहले किसी सड़क की खराब स्थिति का पता अक्सर निरीक्षण, शिकायत या दुर्घटना के बाद चलता था. अब कम-से-कम इस प्रणाली के दायरे में आने वाली सड़कों पर सप्ताह में एक बार निगरानी की व्यवस्था बनाई गई है.

इससे सड़क की हालत में समय के साथ होने वाले बदलाव को भी देखा जा सकता है. उदाहरण के लिए, किसी स्थान पर गड्ढा पहली बार कब दर्ज हुआ, उसकी मरम्मत कब हुई और कुछ समय बाद वह दोबारा उभर आया या नहीं—ऐसी जानकारी रखरखाव की गुणवत्ता का आकलन करने में उपयोगी हो सकती है.

दो महीने में 92 हजार से अधिक खामियां


The Times of India ने NHAI के आंकड़ों के हवाले से बताया है कि यह निगरानी अभ्यास शुरू होने के बाद लगभग दो महीनों में डैशकैम रिकॉर्डिंग से 92,088 खामियां दर्ज की गईं.

इनमें करीब 23 प्रतिशत मामले सड़क पर बने निशानों के फीके पड़ने से संबंधित थे, जबकि लगभग 15 प्रतिशत खामियां गड्ढों की थीं. रिपोर्ट के अनुसार, दर्ज खामियों में से लगभग 72 प्रतिशत का सुधार किया जा चुका था. वहीं करीब 17 प्रतिशत खामियां तय समय-सीमा के बाद भी लंबित थीं.

ये आंकड़े सड़क रखरखाव की समस्या का एक दूसरा पहलू भी दिखाते हैं. सड़क की खराबी केवल बड़े गड्ढों या टूटी सतह तक सीमित नहीं होती. सड़क पर बने निशान, संकेतक, रोशनी और निर्माण स्थल की सुरक्षा भी यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं.

हालांकि, इन आंकड़ों को समझते समय सावधानी जरूरी है. 72 प्रतिशत सुधार का दावा NHAI अधिकारियों और TOI की रिपोर्ट के आधार पर है. इससे अपने आप यह साबित नहीं होता कि सभी मरम्मत स्वतंत्र रूप से जांची गई हैं या सड़क की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहेगी. इसके लिए अलग से निरीक्षण और सार्वजनिक आंकड़ों की जरूरत होगी.

ठेकेदारों के लिए तय समय-सीमा


इस व्यवस्था का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा खामियों को ठीक करने की समय-सीमा है. The Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, ठेकेदारों को अलग-अलग प्रकार की समस्याओं के समाधान के लिए निश्चित समय दिया गया है.

गड्ढे भरने के लिए दो दिन, खराब लाइट और कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी समस्याओं को ठीक करने के लिए एक दिन तथा अनधिकृत रास्तों को बंद करने के लिए सात दिन की समय-सीमा बताई गई है.

यदि तय समय में खामी ठीक नहीं की जाती, तो संबंधित अनुबंध की शर्तों के अनुसार ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जा सकता है. फिलहाल जुर्माने की गणना अनुबंध की शर्तों के आधार पर होती है. NHAI के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से अखबार की रपट बताती है कि अगले कुछ महीनों में जुर्माने की गणना को स्वचालित बनाने की योजना है.

इसका अर्थ है कि AI प्रणाली द्वारा खामी दर्ज किए जाने, ठेकेदार को उसकी सूचना मिलने और निर्धारित समय में मरम्मत न होने की स्थिति में दंड की गणना को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकता है. लेकिन स्वचालित जुर्माने की व्यवस्था अभी पूरी तरह लागू हो चुकी है, ऐसा कहना सही नहीं होगा.

AI से पहले भी शुरू हो चुकी थी तैयारी


यह पहल अचानक शुरू नहीं हुई है. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 20 मार्च 2026 को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में AI Powered Dashcam Analytics Services (DAS) शुरू करने की योजना घोषित की थी.

उस समय मंत्रालय ने लगभग 40 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर इस प्रणाली को लागू करने की बात कही थी. योजना के अनुसार, Route Patrol Vehicles यानी सड़क गश्ती वाहनों में विशेष कैमरे लगाए जाने थे, जो सप्ताह में एक बार राजमार्गों का सर्वेक्षण करते.

मंत्रालय की मार्च वाली विज्ञप्ति में 30 से अधिक प्रकार की खामियों की पहचान करने की बात थी. इनमें गड्ढे, सड़क की सतह में दरारें, खराब लेन मार्किंग, टूटे क्रैश बैरियर, खराब स्ट्रीट लाइट, अवैध कट, अतिक्रमण और जलभराव जैसी समस्याएं शामिल थीं. रात में भी कम-से-कम एक साप्ताहिक सर्वेक्षण करने की योजना बताई गई थी, ताकि सड़क संकेतकों और रोशनी की स्थिति का आकलन हो सके.

अब नवंबर की रिपोर्ट में लगभग 50 हजार किलोमीटर और 40 प्रकार की खामियों की निगरानी का उल्लेख है. यह मार्च में घोषित योजना के विस्तार या उसके मौजूदा संचालन की स्थिति का संकेत देता है. हालांकि, दोनों आंकड़ों की तुलना करते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि मार्च की विज्ञप्ति में योजना का लक्ष्य बताया गया था, जबकि नवंबर की रिपोर्ट में NHAI के संचालन और रखरखाव के अधीन सड़कों पर चल रही व्यवस्था का विवरण है.

मरम्मत की गुणवत्ता कौन जांचेगा?


तकनीक की उपयोगिता को लेकर उत्साहित होना स्वाभाविक है. लेकिन सड़क की खराबी पहचान लेना और उसकी स्थायी मरम्मत सुनिश्चित करना दो अलग-अलग काम हैं.

मान लीजिए AI ने किसी सड़क पर गड्ढा दर्ज किया. संबंधित ठेकेदार ने समय-सीमा के भीतर उसे भर दिया और मरम्मत की तस्वीर अपलोड कर दी. लेकिन कुछ सप्ताह बाद उसी जगह फिर गड्ढा बन गया तो क्या होगा? क्या प्रणाली पुराने रिकॉर्ड से इसकी तुलना कर पाएगी? क्या बार-बार एक ही जगह खराबी आने पर ठेकेदार की जिम्मेदारी बढ़ेगी?

NHAI के अधिकारी ने TOI को बताया कि किसी खामी को तभी ठीक माना जाता है, जब मरम्मत का विवरण और तस्वीरें अपलोड हों तथा उनका सत्यापन किया जाए. यह व्यवस्था केवल ठेकेदार के दावे पर निर्भर रहने के बजाय सत्यापन की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है. फिर भी यह जानना जरूरी है कि सत्यापन कौन करता है, कितनी बार मौके पर जाकर निरीक्षण होता है और यदि तस्वीरों में दिखाई गई मरम्मत वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाती तो क्या कार्रवाई होती है.

यहीं AI की सीमाएं भी सामने आती हैं. सड़क की मजबूती और काम की तकनीकी शुद्धता का पूरा आकलन केवल तस्वीरों से नहीं किया जा सकता. इसके लिए इंजीनियरिंग जांच, भौतिक निरीक्षण और गुणवत्ता परीक्षण जरूरी रहेंगे.

नागरिकों को भी मिले निगरानी का अधिकार


फिलहाल रिपोर्ट के अनुसार, डैशकैम से दर्ज खामियों का विवरण संबंधित ठेकेदारों और NHAI अधिकारियों के लिए केंद्रीय सर्वर पर उपलब्ध है. NHAI के एक अधिकारी ने TOI को बताया कि बाद के चरण में आम जनता भी इन विवरणों को देख सकेगी और अपनी प्रतिक्रिया दे सकेगी.

इस व्यवस्था का एक और महत्त्वपूर्ण पक्ष पारदर्शिता है. फिलहाल मेरा एक मौलिक प्रश्न ये है कि सड़क की गुणवत्ता, गड्ढ़ों, या उसके रखरखाव को लेकर नागरिकों ने जो शिकायतें दर्ज कराई हैं, नगर निकायों, पंचायतों या एनएचएआइ आदि ने उस पर क्या कार्रवाई की है. कितनी शिकायतें लंबित हैं. इसका डैशबोर्ड भी बनता तो बेहतर होता.

सड़क बनाना ही नहीं, उसे ठीक रखना भी विकास है

भारत में बुनियादी ढांचे के विकास का मूल्यांकन अक्सर नए राजमार्गों और एक्सप्रेसवे की लंबाई से किया जाता है. यह जरूरी है, लेकिन सड़क बन जाने के बाद उसकी देखभाल भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण है.

किसी सड़क की खराब स्थिति से वाहन चालकों का समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं. दुर्घटना का जोखिम बढ़ता है, माल ढुलाई प्रभावित होती है और यात्रियों का भरोसा कमजोर पड़ता है. सड़क के रखरखाव में देरी का आर्थिक नुकसान केवल सरकार या ठेकेदार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अंततः नागरिकों को भी उठाना पड़ता है.

शनिवार, 7 नवंबर 2026

70 घंटे काम करने से डर क्यों? भारत को डिग्री नहीं, हुनर और काम की संस्कृति चाहिए

मुख्य बिंदु
  • नारायण मूर्ति ने अक्टूबर 2023 में युवाओं से 70 घंटे काम करने की अपील की थी।
  • PLFS 2023-24 में अप्रैल-जून 2024 के दौरान नियमित वेतनभोगी कर्मचारियों के वास्तविक काम के घंटे औसतन 48.2 प्रति सप्ताह दर्ज हुए।
  • 15–59 वर्ष के केवल 4.1 प्रतिशत लोगों को औपचारिक व्यावसायिक या तकनीकी प्रशिक्षण मिला।
  • 15–29 वर्ष के युवाओं में यह हिस्सा 4.9 प्रतिशत था।
  • भारत में प्रति कामकाजी घंटे GDP का मूल्य अमेरिका और चीन की तुलना में काफी कम है।
  • व्यावसायिक शिक्षा और हाथों से काम करने वाले हुनर को सामाजिक सम्मान देना जरूरी है।
  • भारत की चुनौती केवल अधिक घंटे काम करने की नहीं, बल्कि बेहतर कौशल और अधिक उत्पादकता की है।

कुछ वक्त पहले इन्फोसिस वाले नारायण मूर्ति ने युवाओं से हफ्ते में 70 घंटे काम करने की अपील क्या कर दी, कुछ लोग भड़क उठे.

भड़कने वाले लोगों में अधिकतर लोग 35 प्लस के थे. पर इससे मालूम होता है कि देश में काम को लेकर लोगों के तेवर क्या हैं.

मन में आकांक्षा चीन जैसी वृद्धि दर की है और अमेरिका जैसी संपन्नता की है, लेकिन अपने लिए काम के घंटे इनको लेबर लॉ के हिसाब से चाहिए.

मुझे पता है कि शिकायत करने वाले लोगों में अधिकतर लोग ऐसे हैं जिनके लिए काम का मतलब होता है, नौकरी. और नौकरी का मतलब होता है सरकारी नौकरी, वह भी ऐसी कि सुबह की ताजी सब्जी खरीद कर लाए, बनवाया, खाए और तब दफ्तर गए और शाम के 5 बजे की चाय पीने फिर से घर में उपस्थित.

श्रीमान/मती, आपसे काम के 70 घंटे तो क्या हफ्ते में 42 घंटे भी पूरे नहीं होंगे.

हमारे एक परिचित बिहार सचिवालय में काम करते थे और उनके बारे में मशहूर था कि 12 बजे लेट नहीं, 4 बजे भेंट नहीं. 70 घंटे वाली बात से उन जैसों को दिक्कत होगी ही.

सवाल है कि क्या भारतीय सचमुच 70 घंटे काम नहीं करते?

यहाँ एक बहुत रोचक आँकड़ा है.

भारत में काम के घंटों पर बहस करते समय हमें सरकारी आँकड़ों पर भी नजर डालनी चाहिए. PLFS 2023-24 के मुताबिक, भारत में नियमित वेतनभोगी कर्मचारी औसतन हफ्ते में 48.2 घंटे काम कर रहे थे. शहरी क्षेत्रों में यह औसत 48.1 घंटे था.

स्वरोजगार करने वालों का औसत 39.6 घंटे और सभी श्रेणियों के कामगारों का औसत 41.7 घंटे था. इससे साफ है कि भारत में काम के घंटे रोजगार की प्रकृति के अनुसार अलग-अलग हैं. इसलिए 70 घंटे की बहस को केवल आलस्य या मेहनत के सवाल में सीमित नहीं किया जा सकता.

इससे एक दिलचस्प सवाल उठेगा: जब औसत नियमित वेतनभोगी कर्मचारी लगभग 48 घंटे काम कर रहा है, तो 70 घंटे की बहस को केवल कामचोरी बनाम मेहनत के चश्मे से देखना कितना उचित है?

एक और बात: ये वास्तविक काम के घंटे हैं, कार्यालय में बिताया गया कुल समय नहीं। दोनों में अंतर है.

पर यकीन मानिए, मूर्ति ने यह बात उन युवाओं के लिए कही है, जो जीवन में वाकई कुछ हासिल करना चाहते हैं. मैं नाम नहीं लेना चाहता, पर मैं एक ऐसे लड़के को नजदीक से जानता हूं, जिसके पास लैपटॉप नहीं था और वह रोज 4000 शब्द फोन से टाइप करके भेजता था. कॉन्टैंट राइटिंग का काम था उसका. आज वह तरक्की कर रहा है.

आज देश में मड़ुआ के दोबर ग्रेजुएट हैं जो यूपीएससी की परीक्षा देते हैं पर सही मायनों में उनके पास कोई कौशल नहीं होता. स्किल का कोई सेट नहीं होता इनके पास.

और जब सिविल सेवाओं में इनका चयन नहीं होता, तो फिर इनके पास आगे करने के लिए कुछ ज्यादा होता नहीं है.

आज अगर युवा रोजगार का मतलब नौकरी समझते हैं तो इसकी एक वजह यह भी है कि हमारे समाज में हाथों से काम करना एक वर्जना है. हाथों से काम करने वालों को सामाजिक पदानुक्रम में निचले स्तर पर रखा जाता है.

स्कूली शिक्षा से व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए अपेक्षया कम छात्र ही जाते हैं. बारहवीं पंचवर्षीय योजना (2012-17) में अनुमान लगाया गया था कि भारतीय कार्यबल के 19-24 वर्ष आयु वर्ग का 5 फीसद से भी कम हिस्से को औपचारिक व्यावसायिक प्रशिक्षण मिला था.

इसके आंकड़े नए आ गए हैं. पत्र सूचना कार्यालय पर प्रकाशित, PLFS 2023-24 के अनुसार: 15–59 वर्ष के केवल 4.1 प्रतिशत लोगों ने औपचारिक व्यावसायिक या तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया था. इनमें से 30.6 प्रतिशत ने अनौपचारिक स्रोतों से प्रशिक्षण पाया था.

एक और दिलचस्प आँकड़ा यह भी है कि 15–29 वर्ष के युवाओं में औपचारिक प्रशिक्षण पाने वालों का हिस्सा लगभग 4.9 प्रतिशत था.

इसका अर्थ है कि औपचारिक प्रशिक्षण का दायरा अब भी बहुत सीमित है.

इसकी तुलना में अमेरिका में 52 फीसद, जर्मनी में 75 फीसद और दक्षिण कोरिया में 96 फीसद लोग वोकेशनल ट्रेनिंग कर चुके थे.

हम चीन और अमेरिका जैसी आर्थिक ताकत बनना चाहते हैं. लेकिन क्या हमने कभी सोचा है कि इन देशों की उत्पादकता और हमारी उत्पादकता में कितना अंतर है?

Penn World Table के 2025 संस्करण पर आधारित 2023 के आँकड़ों के अनुसार, अमेरिका में प्रति कामकाजी घंटे GDP का मूल्य 83.5 अंतरराष्ट्रीय डॉलर था, चीन में 17.7 डॉलर और भारत में केवल 8.1 डॉलर.

इसका मतलब यह नहीं कि भारतीय मेहनत नहीं करते. इसका अर्थ यह है कि हमारी अर्थव्यवस्था में एक घंटे के श्रम से पैदा होने वाला आर्थिक मूल्य बहुत कम है. हमें अधिक मेहनत के साथ बेहतर तकनीक, प्रशिक्षण, पूँजी और कार्यकुशलता की भी जरूरत है.

दूसरी तरफ, हिंदुस्तान में स्थिति है कि ग्रेजुएट हुए. काम कोई आता नहीं. कॉलेज में स्किल सिखाया नहीं गया.

समस्या की गंभीरता समझनी हो तो ताजा सरकारी आँकड़े देखिए. आवधिक श्रमबल सर्वेक्षण (PLFS) 2023-24 के मुताबिक, 15 से 59 वर्ष के भारतीयों में महज 4.1 प्रतिशत को औपचारिक व्यावसायिक या तकनीकी प्रशिक्षण मिला था.

लगभग 30.6 प्रतिशत लोगों ने अनौपचारिक स्रोतों से कुछ प्रशिक्षण हासिल किया. यानी हमारे यहाँ बड़ी आबादी काम तो कर रही है, लेकिन उसके पास प्रमाणित और व्यवस्थित कौशल प्रशिक्षण का अभाव है.

सवाल यह है कि हम युवाओं को केवल डिग्रियाँ दे रहे हैं या उन्हें किसी काम के लायक भी बना रहे हैं?

डिग्री हासिल कर लेना और रोजगार के योग्य हो जाना दो अलग-अलग बातें हैं। Wheebox की India Skills Report 2024 के अनुसार, भारत के युवाओं की employability 51.25 प्रतिशत आँकी गई थी.

यानी लगभग आधे युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने के लिए अभी और प्रशिक्षण की जरूरत है. यह आँकड़ा बताता है कि हमारी शिक्षा व्यवस्था में डिग्री और कौशल के बीच की खाई कितनी बड़ी है.

जो स्किल सिखाने वाले कॉलेज हैं, मसलन इंजीनियरिंग, वहां से ही कितने काम के इंजीनियर निकलते हैं भला? अभी एक सर्वे डाटा देखा मैंने, जिसमें स्पष्ट उल्लेख था कि करीब 67 फीसद सिविल इंजीनियरों को कंस्ट्रक्शन के मैकेनिक्स की बुनियादी जानकारी नहीं थी.

असल में, इंजीनियरिंग को अपने देश में स्किल नहीं, सामाजिक रुतबा माना जाता है.

बहरहाल, अपनी छोड़िए किसी नाई को देखिए वह सुबह 8 से शाम 8 तक काम करता है या नहीं, किसी बढ़ई को देखिए, किसी सब्जीवाले, वेल्डिंग करने वाले, किसी मीडियाकर्मी को देखिए. सबके सब 12 घंटे रोजाना से अधिक काम करते हैं.

UNESCO-UNEVOC के भारत संबंधी TVET प्रोफाइल में उच्च माध्यमिक स्तर पर व्यावसायिक कार्यक्रमों में नामांकन का हिस्सा लगभग 4.2 प्रतिशत बताया गया है.

अब मेरे कुछ प्रश्नों के जवाब दीजिएः

-कितने बच्चे स्कूल के बाद ITI या पॉलिटेक्निक जाना चाहते हैं?

-कितने परिवार अपने बच्चों को प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, वेल्डर या मशीन ऑपरेटर बनाना चाहते हैं?

-क्या हमारे समाज में किसी कुशल कारीगर को उतना सम्मान मिलता है जितना किसी सामान्य स्नातक को?

नारायण मूर्ति की 70 घंटे वाली सलाह से सहमत होना या असहमत होना हर व्यक्ति का अधिकार है. लेकिन इस बहस को केवल काम के घंटों तक सीमित कर देना हमारी असली समस्या से आँख चुराना होगा.

भारत को ऐसे युवाओं की जरूरत है जो केवल नौकरी की तलाश न करें, बल्कि किसी काम में दक्ष भी हों. जिन्हें मशीन चलानी आती हो, जो कोड लिख सकें, जो बढ़िया रिपोर्ट तैयार कर सकें, जो किसी व्यवसाय को खड़ा कर सकें और जो अपने हाथों से कोई उत्पाद बना सकें.

हमें चीन जैसी उत्पादन क्षमता और अमेरिका जैसी आर्थिक समृद्धि चाहिए तो केवल अधिक घंटे काम करने की इच्छा नहीं, बल्कि अधिक मूल्य पैदा करने की क्षमता भी विकसित करनी होगी.

70 घंटे काम करने वाला अकुशल व्यक्ति और 40 घंटे में अधिक मूल्य पैदा करने वाला कुशल व्यक्ति एक जैसे नहीं हो सकते.

भारत की असली चुनौती काम के घंटों की नहीं, काम की संस्कृति, कौशल और उत्पादकता की है।

भड़किए मत, आप बेशक नव्बाब के नाती हैं, पर सब नहीं हैं. देश को तरक्की पर लाने का एकमात्र रास्ता युवाओं का 70 घंटे हफ्ते काम करने का है. और हां, ह्यूमन स्किल सेट सीखने का भी. 


अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)

1. नारायण मूर्ति ने युवाओं को 70 घंटे काम करने की सलाह कब दी थी?

नारायण मूर्ति ने अक्टूबर 2023 में 3one4 Capital के पॉडकास्ट The Record में कहा था कि भारत के युवाओं को देश की उत्पादकता और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए सप्ताह में 70 घंटे काम करने की इच्छा रखनी चाहिए।

2. भारत में कर्मचारी औसतन सप्ताह में कितने घंटे काम करते हैं?

PLFS 2023-24 के अनुसार, अप्रैल-जून 2024 में नियमित वेतनभोगी कर्मचारियों ने औसतन 48.2 घंटे प्रति सप्ताह काम किया। सभी श्रेणियों के कामगारों का औसत 41.7 घंटे था।

3. भारत में कितने लोगों को औपचारिक कौशल प्रशिक्षण मिला है?

PLFS 2023-24 के अनुसार, 15–59 वर्ष की आबादी में केवल 4.1 प्रतिशत लोगों ने औपचारिक व्यावसायिक या तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया था।

4. भारत में युवाओं के बीच औपचारिक कौशल प्रशिक्षण की स्थिति क्या है?

15–29 वर्ष के आयु वर्ग में औपचारिक व्यावसायिक या तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों का हिस्सा 4.9 प्रतिशत था।

5. श्रम उत्पादकता का अर्थ क्या है?

श्रम उत्पादकता का अर्थ है कि किसी अर्थव्यवस्था में एक कामकाजी घंटे के दौरान कितना आर्थिक मूल्य पैदा होता है। इसे सामान्यतः प्रति कामकाजी घंटे GDP के आधार पर मापा जाता है।

6. क्या अधिक घंटे काम करने से उत्पादकता अपने आप बढ़ जाती है?

नहीं। उत्पादकता पर कौशल, तकनीक, पूँजी, प्रबंधन, कार्यस्थल की परिस्थितियों और काम की गुणवत्ता का भी असर पड़ता है। अधिक घंटे काम करना अपने आप अधिक उत्पादकता की गारंटी नहीं है।

7. भारत में व्यावसायिक शिक्षा क्यों जरूरी है?

व्यावसायिक शिक्षा युवाओं को प्लंबिंग, इलेक्ट्रिकल काम, मशीन संचालन, वेल्डिंग, निर्माण, तकनीकी सेवाओं और अन्य पेशों में व्यावहारिक दक्षता देती है। इससे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं.

***