गुरुवार, 8 सितंबर 2016

राहुल@2.0 की खाट चर्चा

कहावत है कि सियासत में जब कुछ नया हो तो उसकी पहल करने वाले नेता के बारे में एक बार ज़रूर सोचना चाहिए। राजनीति के अभिनव प्रयोग की शुरूआत हमेशा नेता करते हैं, और अमूमन जनता उस पहल पर अपनी मुहर लगाकर उसे पॉप्युलर बनाती है या खारिज़ कर देती है।

सत्ताइस साल से उत्तर प्रदेश की कुरसी से दूर कांग्रेस अपने युवराज राहुल गांधी औऱ चुनावी सलाहकार प्रशांत किशोर को लेकर चुनावी वैतरणी पार करने की जुगत में लगी है। प्रशांत किशोर का नाम 2014 लोकसभआ चुनाव में नरेंद्र मोदी के धारदार चुनावी अभियान के बाद चमका। बीजेपी की प्रचंड जीत प्रशांत किशोर चुनावी अभियान की रणनीति का नतीजा मानी जाती है। लेकिन साल 2014 के बाद बिहार चुनाव में नीतीश-लालू के लिए काम किया। उन्हें भी जीत दिलाकर प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अब 2017 के लिए पंजाब और यूपी इलेक्शन में कांग्रेस के लिए प्रशांत किशोर मैदान में हैं। साल 2014 का इलेक्शन हो या बिहार इलेक्शन पीके चुनावी कैंपेन में माहिर माने जाते हैं। अब यूपी में 27 साल बाद कांग्रेस की जमीन को मजबूत करते दिख रहे हैं।

देवरिया से राहुल ने पैदल यात्रा की तो वहां खाट सभा की योजना भी, जाहिर है, उऩके सलाहकार प्रशांत ने ही बनाई। करीब-करीब दो हजार खाट भी रखी गई। यात्रा शुरू हुई राहुल गांधी जैसे ही आगे चले, पीछे से सभा में शामिल लोग अपने-अपने हिस्से की खाट लेकर चलने लगे। अब खाट के इस लूटपाट को भी पीके का राजनीतिक स्ट्रोक बोला जा रहा है। पीके ने ही खाट बिछाई और खाट लुटवाई इससे होने वाले राजनीतिक फायदे काफी गहरे हैं।

कांग्रेस ने अपना चुनावी अभियान तब शुरू किया है जब बसपा ने अपने पत्ते खोल दिए हैं, सपा अपने अभियान को शुरू करने वाली है और बीजेपी अभी मंथन की प्रक्रिया से गुजर रही है। यह तय है कि यूपी इलेक्शन में एक बार फिर से केन्द्रीय मुद्दा जाति ही होगी और कांग्रेस भी उसी नाव पर सवार होकर टिकट बांटेगी, लेकिन ढिंढोरा विकास, किसानों और गरीबों की हमदर्दी का ही पीटा जा रहा है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी के और बिहार चुनाव में राजद-जेडीयू के रणनीतिकार प्रशांत किशोर की कोशिश यही है कि यूपी में कोई कांग्रेस को नज़र अंदाज न कर सके।

फिर भी सवाल ही है कि क्या इस अभियान से कांग्रेस और ब्रांड राहुल को प्रशांत किशोर चमका पाएंगे? वैसे, देवरिया से दिल्ली का यह अभियान पूरा हो गया तो दो करोड़ लोगों से कांग्रेस का संपर्क तो हो ही जाएगा, यह बात और है कि लोग कांग्रेस को और उसके इस खाट अभियान को कितनी संजीदगी से लेते हैं।

ऐसा भी नहीं है इससे पहले कभी राहुल ने गांव की पगडंडियां नहीं मापी, या दलितो और वंचितों के घर जाकर खुद को उनका हमदर्द साबित करने की कोशिश नहीं की है। पिछले चुनाव में राहुल ने 100 विधानसभाओं का दौरा किया था लेकिन जीत तो महज 28 पर मिली थी। राहुल का लॉन्च नाकाम माना गया था।

इस बार खाट सभाओं के ज़रिए राहुल को रीलॉन्च किया गया है वह भी वर्ज़न 2.0 के साथ। इस बार 39 जिलों और 59 लोकसभा क्षेत्रों और 2500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।

कर्जदार किसानों की सूची के साथ राहुल उन सबको लिखकर दे रहे हैं कि कर्ज माफ किया जाएगा और बिजली का बिल आधा किया जाएगा। सूत्रों के हवाले से यह ख़बर मिली है कि यह सब पीके का किया कराया है। राहुल की खाट सभा औऱ महापदयात्रा दोनों को मीडिया कवरेज औऱ लोगों तक यह ख़बर पहुंचे इसलिए स्थानीय गांव वासियों को पहले से ही तैयार किया गया था। लुटपाट करने के लिए ही खाट सभा का आयोजन रखा गया था।

कयास यही हैं कि राहुल गांधी की यूपी में किसान पैदल यात्रा, किसानों के कर्ज माफ, बिजली बिल माफ, फसलों के समर्थन मूल्य का पूर्ण भुगतान जैसी किसानी मांगो को लेकर निकली है, खाटों की लूट के साथ खबर फैले और लोगों को पता चल जाए। राहुल की खाट सभा औऱ महापदयात्रा दोनों को मीडिया कवरेज औऱ लोगों तक यह ख़बर पहुंचे इसलिए स्थानीय गांव वासियों को पहले से ही तैयार किया गया था।

अंदाज़ा लगाइए कि राहुल की सभा बाढ़ग्रस्त देवरिया से ही शुरू क्यों हुई? अंदाजा़ लगाइए कि लूटे खाटों पर बैठे गांव के लोग आपस में खाट के बारे में चर्चा करेंगे तो क्या कांग्रेस और राहुल की चर्चा क्या नहीं होगी? जहां समाजवादी पार्टी पहले लैपटॉप बांट चुकी है और जहां इस बार वह स्मार्टफोन बांट रही है, वहां खाटों की लूट क्या जाहिर करती है? खाट गांव के लिए कितने जरूरी है इस पर भी ध्यान दीजिए। ज़मीन पर सो रहे तबके को खाट मिलना कितनी बड़ी बात है इसका अंदाज़ा आपको तभी लगेगा, जब आप गांव को बहुत नज़दीक से देखेंगे।

जो भी हो, सोशल मीडिया पर छाई इस खबर ने एक लहर पैदा की है और जो खाट, गांव और पगडंडी, लोटा और डोरी शहरी शब्दावली से गायब हो चुके थे, इसी बहाने उनकी चर्चा तो हुई। राहुल की खाट सभाओं को कमतर आंकना सियासी भूल होगी। प्रशांत किशोर ने सही निशाना लगाया है।


मंजीत ठाकुर

सोमवार, 5 सितंबर 2016

चीटरों के दौर में टीचर

मधुपुर मेरा जन्मस्थान तो है ही, इसने यह भी तय किया कि मैं किस तरह का इंसान बनने वाला हूं। अपने भैया मंगल ठाकुर को अपना पहला गुरु मानता हूं, जो मेरी हर कामयाबी पर उछले, हर नाकामी पर परेशान हुए।

फिर सुबल चंद्र सिंह, जिन्होंने अपने सभी छात्रों की सखुए की संटी से पीट-पीटकर बंदर से इंसान बनाने की कोशिश की। लेकिन हाय दैव, उनके ज्यादातर छात्र आज भी बंदर ही हैं। दिनेश सर, जो गणित को सरलता से समझा देते थे। 

व्रजनारायण झा, जिन्होंने मुझे संस्कृत पढ़ाते वक्त सीधा बता दिया, व्याकरण गणित की तरह है, लेकिन इसमें कुछ समझ न आए तो सीधा रट लो। एमएलजी उच्च विद्यालय, जहां मैने दसवीं तक पढ़ाई की, वहां अलाउद्दीन अंसारी सर इतिहास पढ़ाते थे। पढ़ाते वक्त संभवतया वह टाइम मशीन में बैठकर उस दौर में पहुंच जाते, जिस दौर का अध्याय वह पढ़ा रहे होते थे। अलाउद्दीन सर ने अपनी कक्षाओ में हमें शनिवार को आधी छुट्टी के बाद हमारे संभावित क्रिकेट मैच की योजना बनाने का पूरा मौका दिया। वह किताब में रमकर हमें अकबर, शाहजहां और बलबन के बारे में बताते रहते थे, और हम फुसुर-फुसर करके यह तय करते थे कि बैटिंग में किस नंबर पर कौन उतरेगा। 

अंग्रेजी पढ़ाते थे रफीक़ सर। उन दिनों बिहार (तब, आजकल वह इलाका झारखंड में आता है) में अंग्रेजी की छात्रों से मुठभेड़ छठी कक्षा में होती थी, और मान लिया जाता था कि पांचवी कक्षा तक तो छात्रों ने अंग्रेजी खुद-ब-खुद मां-बाप से सीख ही ली होगी। तो रफीक़ सर, अंग्रेजी पढ़ाते थे और यह मानते थे कि वह जो फर्राटेदार अंग्रेजी छठी-सातवीं-आठवीं के छात्रों के सामने बतियाते थे, तो यह सोचते थे कि इन सबको समझ में आ रहा होगा। अंग्रेजी बोलने का उनका  लहज़ा  खोरठानुमा था। खोरठा मधुपुर के आसपास बोली जाने वाली बोली है, जिसमें मैथिली-बांगला-और संताली के शब्द घुलेमिले होते हैं। बहरहाल, किसी का ध्यान भटकने पर रफीक़ सर ब्लैक बोर्ड के पास से ही चॉक फेंककर सीधे छात्र के मुंडी पर निशाना लगाते थे और कहतेः अंग्रेजी नहीं पढ़नी हो तो जाओ, गणेश की दुकान पर जाकर घुघनी-मूढ़ी खाओ। (घुघनीः काले चने के छोले, मूढ़ीः चावल के मुरमुरे)

मौलाना सर की फ़ारसी की क्लास में हम दुनिया के नक्शे के बारे में पढ़ते क्योंकि वह पिताजी के दोस्त भी थे और फ़ारसी की कक्षा के वक्त तक स्कूल में सारे बच्चे भाग निकलते थे।

बहुत शिक्षकों ने पढ़ाया, सिखाया, मुझे बनाने और बिगाड़ने में अपनी अहम भूमिका अदा की। इनमे आलोक बक्षी का नाम बहुत आदर से लेना चाहता हूं।

बाद में कई शिक्षक हुए जिन्होंने मुझे बनाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। उन सभी गुरुओ और सबसे बड़े गुरू वक्त के सामने सिर झुकाता हूं, जिसने दुनिया को समझने की थोड़ा सा सलीका मुझे सिखा दिया है। यह जरूर है कि अपनी बाजिव कीमत लेकर।

मंजीत

शुक्रवार, 2 सितंबर 2016

सियासत है काजर की कोठरी

बहुत दिन नहीं बीते हैं, जब रामलीला मैदान में तिरंगा लहराते हुए अरविन्द केजरीवाल इकट्ठी भीड़ को कहते थेः सारे नेता चोर हैं। नेताओं से उकताई हुई भीड़, तब ज़ोर से तालियां बजाती थी। अभी आम आदमी पार्टी के विधायकों पर, संसदीय सचिव मामले से लेकर सेक्स सीडी और छेड़खानी के मामले चल रहे हैं, जनता एक बार फिर ताली बजा रही है। ताली बजाना जनता का काम है। सियासत में शूर्पनखा की नाक कटे या किसी और की, जनता ताली बजाती है।

फिर अन्ना आंदोलन के मूलधन को चुनावी खाते में डालकर केजरीवाल ने बड़ी जुगत से इसका ब्याज दिल्ली में उठाया और शायद पंजाब और बाकी जगहों पर भी उठा ही लेते। राजनीति को कीचड़ मानकर उसमें कूदकर तंत्र बदलने का सपना (अगर कोई हो) केजरीवाल ने अगर 2012 में देखा तो उसके पीछे राजनीतिक भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना आंदोलन का दबाव था।

जनता को जोश था तो बिना तजुर्बो वालों को सिर्फ केजरीवाल के नाम पर जिताते चले गए। बंपर बहुमत दिया। इसीलिए सवाल सिर्फ इतना नहीं कि केजरीवाल के तीन मंत्री तीन ऐसे मामलो में फंसे हैं, जो आंदोलन में शामिल किसी के लिये भी शर्मनाक हों। सवाल तो यह है कि तोमर हो या असीम अहमद खान या फिर संदीप कुमार, इन्होंने अन्ना आंदोलन के न तो कोई भूमिका निभाई, ना ही केजरीवाल के राजनीति में कूदने से पहले कोई राजनीतिक संघर्ष किया।

सियासत का साफ करने का दावा, और सभी नेता चोर है के नारे पर सवार आम आदमी पार्टी के पांच विधायक नौंवी पास हैं तो 5 विधायक दसवीं पास। शुरू में ही कानून मंत्री बने जितेन्द्र तोमर तो कानून की फर्जी डिग्री के मामले में ही फंस गये।

तो क्या यह मान लिया जाए आम आदमी पार्टी ने सियासत को उसी तर्ज पर अपनाया जो बाक़ी की पार्टियों के लिए भी मुफीद रही है। मसलन, लोकसभा में 182 सांसद, देश भर की विधानसभाओं में 1258 विधायक और तमाम राज्यों में 33 फीसदी मंत्री दागदार है। तो साथी लोग तर्क देते हैं, ऐसे में केजरीवाल के 11 विधायक दाग़दार हुए तो क्या?

सवाल यह भी नहीं है कि जिस सेक्स सीडी में संदीप कुमार दिख रहे हैं वह गैर-कानूनी है या सिर्फ अनैतिक। संदीप के साथ सीडी में दिखने वाली महिला ने कोई शिकायत नहीं की है, संदीप कुमार की पत्नी ने कोई शिकायत नहीं की है तो मामला कहीं से भी कानूनी नहीं है। कई लोग इस बात को लेकर मीडिया को कोस रहे हैं कि सबके शयनकक्षों में झांकने का हक़ कैसे ही मीडिया को। ठीक है।

लेकिन इसी के बरअक्स सवाल तो यह भी है कि जिन आदर्शों के साथ आम आदमी पार्टी बनाई गई, गठन के वक्त जो सोच थी, उम्मीदें थीं, वह सब इतनी जल्दी कैसे और क्यों मटियामेट होने लगी?

सत्ता आती है तो सबसे पहले सच्चे मित्र छूट जाते हैं और मित्रों को आप दुश्मन मानते हैं यह तो केजरीवाल ने भी साबित किया। विचारक योगेन्द्र यादव और सहायक प्रशांत भूषण को बाहर का रास्ता दिखाकर चमचों की फौज़ खड़ी करके केजरीवाल ने आगे की राह को खाई की तरफ मोड़ दिया।

संदीप कुमार प्रकरण को महज सेक्स सीडी पर मत रोकिए। इसको एक राजनीतिक घटना की तरह भी देखिए। जिस ओमप्रकाश ने सीडी उपलब्ध कराई है, वह है कौन? वह संदीप कुमार से चुनाव में हारे पूर्व-विधायक जयकिशन का साथी है। कथित तौर पर सरकारी ज़मीन पर कब्जा करके कोयले का कारोबार करता है और उसने संदीप कुमार पर पैसे मांगने और धमकाने के आरोप भी लगाए थे।

अचानक उसके पास मंत्री की अश्लील सीडी कहां से आ गई? आखिर अनजान शख्स ने ओमप्रकाश को ही सीडी और फोटोग्राफ वाला लिफाफा क्यों दिया और कैसे खुद को कोयला कारोबारी बताने वाला शख्स अचानक ही कांग्रेस का नेता बन गया?

देखिए, सियासत काजर की कोठरी है। सीडी में संदीप थे यह तय रहा, तभी तो केजरीवाल ने अपने मंत्रिमंडल से उनको बाहर का रास्ता दिखाया। लेकिन संदीप ने दलित कार्ड खेला, जो एक हद तक हास्यास्पद ही है। लेकिन यह न कहिए कि निजी मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है, शयनकक्ष की सियासत हो रही है।

मोदी के सूट पर ही कितना तंज कसा था मनीष सिसोदिया ने और केजरीवाल ने! मनीष सिसोदिया ने नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति पर तंजभरा ट्वीट किया थाः झूला झुलाने, बिरयानी खिलाने और 10-10 लाख के सूट पहनकर दिखाने से दुनिया में कूटनीति नहीं चलती।

कपड़े पहनने और खाने पर सियासत की शुरूआत आपने की थी, तो कपड़े उतारने पर भी सियासत होगी ही। मानता हूं कि संदीप कुमार की सेक्स सीडी का मामला अभी तक गैर-कानूनी नहीं है, लेकिन सियासत में लगे लोगों को जनता साफ-सुथरा पसंद करती है।

वरना कितने सिंघवियों, राघवों और तिवारियों ने बहुत कुछ किया है, आज भी उनकी राजनीति चमक रही है। संदीप की भी चमक जाएगी। और मोरल? सियासत में मोरल नाम का कोई ग्राउंड नहीं है।


मंजीत ठाकुर

शनिवार, 27 अगस्त 2016

स्वर्ण-(अ)काल

ओलिंपिक खत्म हो गया है और पदक तालिका में भारत 67वें पोजीशन पर रहा। अगर मैं इस पर कुछ लिखूं तो जाहिर है यह सांप निकलने के बाद लकीर पीटने सरीखा होगा, लेकिन 119 खिलाड़ियों के दल ने जब सिर्फ दो पदक भारत की झोली में डाले, तो यह आत्मनिरीक्षण करना ज़रूरी होगा कि आखिर यह कौन सा सांप है जो हमें डस रहा है। ओलिंपिंक के बाद, शून्य स्वर्ण का यह लकीर हमें पीटनी होगी।

वैसे भारत का प्रदर्शन इसके चाल-ढाल और रवैए के लिहाज़ से खराब नहीं ठहराया जा सकता। चीनी मीडिया में हमारा मज़ाक बना तो हम तिलमिला उठे, लेकिन आपकी तिलमिलाहट उस वक्त कहां खो गई थी, जब हमने मैराथन थावक जेशा को बिना पानी के ट्रैक पर धराशायी होते देखा।

ठीक भी है, अपने देश में तो ‘खेलोगे-कूदोगे बनोगे खराब’ का मुहाविरा बहुत पॉपुलर है। तो हम पूरी कोशिश करते हैं कि हमारे बच्चे खेलते-कूधते खराब न हो जाएं। वैसे मुहाविरे का दूसरा हिस्सा हैः पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नव्वाब। अलबत्ता, भारत में नव्वाबों की गिनती भी बेहद कम ही है।

चुनांचे, ऐसे नवाबों ने फेसबुक पर मेरी गत बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ ऱखी। मैं भारत के इस बदतरीन प्रदर्शन से नाखुश था और मैंने कहा कि भारत का यह शून्य काल है और भारत ने चूंकि, शून्य की खोज की है इसलिए भारत भी शून्य पदक ही लाएगा। बहरहाल, मेरे इन जानी दोस्तों ने, सबसे पहले साक्षी मलिक और फिर पी वी सिंधु के पदक तालिका में जगह पक्की करते ही मुझे तस्वीरों में टैग करके गरियाना शुरू किया।

लेकिन यकीन मानिए, मैं अभी भी कह रहा हूं यह भारतीय खेलों का शून्यकाल ही है। यह न कहिएगा कि जनता की खेलों में रूचि नहीं है। जीतने वाले खिलाड़ी पर सबकी निगाहें टिकती हैं। खुद मैंने रियो से पहले कभी बैडमिन्टन का मैच पूरा नहीं देखा था। साइना नेहवाल का मैच भी नहीं। लेकिन सिंधु ने उम्मीद जगाई तो सारा देश टीवी की ओर स्वर्ण पदक के सूखे के खत्म होने की बेकरारी से देख रहा था।

हॉकी और तमाम ऐसे ही खेलों के भारत में बहुत ज्यादा लोकप्रिय नहीं होने, जाहिर है इसमें मानक क्रिकेट है, के लिए क्रिकेट की अपार लोकप्रियता को दोषी ठहराया जाता है। लेकिन क्या यह सच नहीं कि भारत में क्रिकेट की लोकप्रियता अपने सर्वोच्च पायदान की तरफ तब बढ़ी जब भारत ने पहली बार विश्वकप 1983 में जीता था?

पदक हो या कप, आपको जीतकर दिखाना होगा।

जहां तक इन पदकों के लिए सुविधाओं की बात है, अगर इस मामले में सच में ईमानदारी होती और शून्य नहीं होता, और खिलाड़ियों के चयन में ही ईमानदारी अपनाकर भाई-भतीजावाद नहीं होता, उसी से हमारी प्रतिभाएं हमें विश्व बिरादरी में सर उठाकर चलने लायक बना देतीं। फिर आता है, खेलों के गैर-बराबरी का बरताव और सुविधाओं का अभाव। जाहिर है, खेल संघों में जबरदस्त राजनीति, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार ने हमारे देश में खेलों को नुकसान पहुंचाया है।

खैर, खेल संघों की छोड़िए, वह तो होते ही है राजनीतिज्ञों के लिए नेट प्रैक्टिस करने की जगह। जरा अपने आसपास ही नजर दौड़ाइए। क्या आपके मुहल्ले में खेल का मैदान है? क्या आपने दिल्ली, मुंबई समेत तमाम महानगरों में नगर प्लानिंग में इमारतों के जंगल के बीच छुटके पार्कों के अलावा कहीं खेल मैदान की जगह देखी भी है? क्यों होगी? खेल के मैदानों से बिल्डरों को कोई फायदा नहीं होता। शायद समाज को होता है और बिल्डरों का समाज से कोई लेना-देना नहीं।

मुहल्ला छोड़िए, आप आसपास के कॉलेजों में ही नजर डाल लें, तो आपको गिनती के कॉलेजों में खेल की सुविधाएं या मैदान दिखेंगे। कभी पास के मॉल में विंडो शॉपिंग करने वालों पर नज़र डालिएगा, तकरीबन हर तीसरा आदमी आपको स्पोर्ट्स शू और ट्रैक सूट में नजर आएगा। चाहे वह कभी भी कसरत न करे लेकिन ट्रैक सूट जरूर पहनेगा। चाय मे चीनी पीना छोड़ देगा लेकिन व्यायाम नहीं कर पाएगा।

भारतीय लोगों के पास खेल के लिए वक्त की खासी कमी होती है। असल में यही शून्यवाद है। फेसबुक पर मेरे ऐसे ही पोस्ट्स की वजह से एक शख्स ने मुझसे कहाः भारत को नीचा दिखाते वक्त तुम्हें शर्म नहीं आती? तुमने जीवन में क्या किया है, कभी कोई पुरस्कार जीता? तो देश के खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद क्यों?

ठीक है, मैं पदक की उम्मीद नहीं रखता। लेकिन फिर आप दर्शक पाने की उम्मीद भी न करें। खेल को बढ़ावा देने के लिए जीतने की आदत, किलर इंस्टिंक्ट पैदा करनी होगी, तमाम शाबासियां अपनी जगह, लेकिन दीपा करमाकर अगर चौथे की बजाय, कांसा, चांदी या सोने का तमगा जीत लाती तो क्या हमें और अच्छा नहीं लगता! लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं नहीं मिलीं। मिलतीं तो उन्हें पदक भी मिलता। निजी प्रयासों से पदक जीतना प्रतियोगिता के इस गलाकाट दौर में मुश्किल ही नहीं, तकरीबन नामुमकिन है।

और हां, ओलिंपिक का ध्येय वाक्य चाहे लाख सब दोहराएं कि जीतने से अहम होता है खेल में हिस्सा लेना, लेकिन सिर्फ हारते रहने और हिस्सा लेते रहने की उबाऊ प्रक्रिया का अंग बने रहना भी कोई बहुत उम्दा बात नहीं है। और हां, पत्रकारिता पदकों के लिए नहीं की जाती है।

मंजीत ठाकुर

मंगलवार, 16 अगस्त 2016

जिन्हें नाज है हिन्द पर वो कहां हैं...

शिकायत करना हम देशवासियों का शगल है। लेकिन मैं कोई शिकायत करने नहीं जा रहा। वाकिया तब का है, जब मैं उड़ीसा के एक दौर पर जा रहा था। हिलती-डुलती गाड़ी के एसी के दूसरे दर्ज़े में बैठा था। कोशिश कर रहा था कि मैं अपने लैपटॉप पर कोई फ़िल्म ही देख डालूं। सामने की सीट पर एक बुजुर्गवार बैठे थे। साथ में उनका घरेलू कामगार था, किसी उड़िया जनजाति का लड़का था। बच्चा ही था। बुजुर्गवार की पत्नी साथ में थीं। 

बुजुर्ग दंपत्ति के कपड़ों से लगता था, काफी साधारण घरों के रहे होंगे। खादी का मोटा कुर्ता, धोती कभी सफेद रही होगी। गले में खादी का मोटा गमछा। रंग ताम्रवर्णी। बाल श्वेत हो चले। भौंहे तक सफ़ेद। बीवी के हाथों में कांच की चूड़ियां। बैंगनी रंग की साधारण सूती साड़ी। दोनों के पांव में हवाई चप्पलें। नौकर के पैरों में जो हवाई चप्पल है उस पर फेसबुक लिखा है।

मैं भी गपोड़ हूं और शायद सामने बैठे बुजुर्गवार भी। ट्रेन अभी स्टेशन से बाहर निकल कर आईटीओ भी न पार कर पाई होगी कि हम दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई थी। और तब तक होती रही, जब तक हम भद्रक न पहुंच गए। पत्नी सारे रास्ते चुप बैठी रही। एक गंवई पत्नी की तरह।

कोच अटेंडेंट आता है। मुझसे बात करते वक्त उसके अंदर एक वित्तीय आदर है। उस आदर में शाम को मेरे उतरने के वक्त मिलने वाली टिप की उम्मीद का बोझ है। वही अटेंडेंट आकर उनसे ऐसे बात करता है मानो बहुत दिनों से जानता हो। पूछता है, बहुत दिनों बाद आए।

मैं पूछता हूं, आप दिल्ली बार-बार आते हैं क्या। हां। इसके बाद बातचीत महंगाई, नक्सल, जनजातियों की समस्या, वेदांता, कोरापुट, नक्सल, राहुल गांधी, विश्वनाथ प्रताप सिंह तक पहुंच जाती है। बुजुर्गवार को महीन जानकारियां हैं।

मेरे बारे में बहुत पूछताछ करते हैं। कहां के हो, कौन है घर में...लेकिन इस पूछताछ में एक बुजुर्गाना लाड़ और आह्लाद है। अब मैं पूछता हूं आप..? तब बताते हैं कि उनका नाम अनादिचरण दास है। पांच बार सांसद रह चुके हैं। आखिरी बार सन् 91’ लोकसभा जीते थे। पहली बार 71’ में जीते थे। अपने बारे में बस इतना ही बताते हैं।

मैं सादगी देखकर दंग हूं। अब तो हाल यह है कि पहली बार विधायक बनकर लोग खदानें खरीद रहे हैँ। निर्दलीय मुख्यमंत्री ने सुना दक्षिण अफ्रीका में सोने की खान खरीद डाली थी। मेरे ही गृह राज्य का सीएम रहा था वह। और यहां, पांच बार सांसद चुना जा चुका शख्स हवाई चप्पल पहन रहा है! एसी के दूसरे दर्जे में सफर कर रहा है! चेहरे पर दबंगई का कोई भाव नहीं!

मैं सोचता हूं आजादी का जश्न पूरे भारत में मनाया गया होगा। लेकिन, पटवारी से लेकर विभिन्न मंत्री भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हैं। वह बुझे मन से कहते हैं, किसी ने कहा है राज्यसभा की सीट सौ करोड़ में बिकती है। हामी भरने के सिवा कोई चारा नहीं है मेरे पास।

रात में गूगल किया था मैंने, अनादि चरण दास को खोजा गूगल पर। मिल गए। उड़ीसा के जाजपुर सीट से सन् 1971, 1980 और 1984 में कांग्रेस के टिकट पर चुने गए थे, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस छोड़ी, विश्वनाथ प्रताप सिंह के साथ जनता दल गए, वहीं से दो बार 1989 और 1991 में चुनाव जीता। 1996 में फिर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन जनता दल की आंचल दास से चार हजार वोटों से हार गए। फिर उम्र के तकाजे के साथ राजनीति छोड़ दी। जाजपुर-कोरापुट इलाके में अनादिचरण दास एक मजबूत उम्मीदवार माने जाते थे। लेकिन, उनके पास आज दौलत के नाम पर कुछ नहीं।

कह रहे थे कि हर महीने वंचितों, गरीबों, जनजातियों के आर्थिक उत्थान के लिए हर महीने योजना आयोग (यात्रा के वक्त योजना आयोग था, नीति आयोग नहीं बना था) और सोनियां गांधी को चिट्ठी लिखते थे। पता नहीं पढ़ी भी जाती थी या नहीं। पेट्रोल के दाम बढ़ाने के पक्ष में हैं, कहते है इसका पैसा एससी-एसटी बच्चों की शिक्षा के लिए करना चाहिए।

गुरूदत्त की फिल्म प्यासा का एक गीत याद आ रहा है, जिन्हें नाज है हिन्द पर वो कहां हैं....ईमानदारी को गूगल पर खोजता हूं। इसे खोजने में तो गूगल भी नाकाम है।

शनिवार, 13 अगस्त 2016

जड़ से उखड़े लोग

विस्थापन लोगों को जड़ो से उखाड़ता है। देश भर में और शायद दुनिया भर में भी विकास बनाम पर्यावरण, वन्य जीव बनाम इंसान जैसी बहसें चल रही हैं और शायद बुद्धिजीवी तबके से लेकर सरकारें और संयुक्त राष्ट्र समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं तक पर्यावरण, विकास, वन्यजीवों के संरक्षण और मानव के कल्याण और उनके रहवास जैसे विषयों की प्राथमिकता पर एकमत होने की कोशिशों में लगे हैं।

आज मैं वन्य जीवों के संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं में से एक के बारे में बात करना चाहता हूं कि किसतरह वन्य जीवों के संरक्षण के क्रम में इंसानों को हाशिए पर धकेला गया है। यह ठीक है कि वन्यजीवों और उनकी नस्लों को बचाना बेहद ज़रूरी है, लेकिन उनको बसाने के लिए जिन लोगों को उजाड़ा जाता है, खासकर उनमें आदिवासी लोग और आदिम जनजातियां ही उजड़ती हैं, उनके पुनर्वास पर संवेदनशील तरीके से सोचने और उसे कार्यरूप में बदलने की जरूरत है।

भारत की बात करें, तो देश भर में हुए विस्थापनों के आंकड़े बताते हैं कि सन् 1950 के बाद से भारत में वन्य जीवों से जुड़ी परियोजनाओं में करीब 6 लाख लोग विस्थापित हुए हैं। यह बाक़ी सभी योजनाओं-परियोजनाओं की वजह से हुए विस्थापन का 2.8 फीसद ही है। इनमें से करीब 21 फीसदी यानी 1.25 लाख लोगों का पुनर्वास किया गया। इसका आंकड़े का दूसरा पहलू यह है कि 4.75 लाख लोगों का पुनर्वास नहीं हो पाया। यह वन्य जीवन विस्थापन की कुल आबादी का 79 फीसदी है। गौरतलब है कि कुल विस्थापितों में से 4.5 लाख लोग जनजातीय समुदाय के हैं। यानी करीब तीन चौथाई। सिर्फ एक लाख जनजातियों का ही पुनर्वास हो सका, यानी 78 फीसद विस्थापित जनजातियों का पुनर्वास आजतक नहीं हो पाया है।

मैं मध्य प्रदेश के एक जिले श्योपुर के गांव टिकटोली गया था। टिकटोली कूनो-पालपुर अभयारण्य की सरहद पर बसा है। यहां मिले थे मुझे रंगू। धंसे गालों वाले रंगू ने मुझे एक किस्सा सुनाया। उस किस्से का मुख्तसर यह कि सृष्टि की रचना के बाद ब्रह्मा जी ने सहरिया नाम के कबीले को धरती के आसन के ठीक बीच में बिठाया था। लेकिन सहरिया लोग सीधे-सादे थे। उनके बाद रचे गए लोग आते गए और सहरियाओं से थोड़ा खिसकने को कहते रहे। बहुत देर बाद जब ब्रह्मा जी आए, तो उन्होंने देखा जिस सहरिया को वह बीच में बिठाकर गए थे वह सबसे किनारे बैठा है।

इस कहानी को महज कहानी नहीं प्रतीक मानिए। कूनो-पालपुर जंगल में शेर-चीतों और बाघ को बसाने की सरकारी कोशिश में सहरिया जनजाति—जो कि भारत सरकार द्वारा आदिम जनजाति घोषित है—को जंगल से धकेलते-धकेलते किनारे बंजर-ऊसर ज़मीनों तक धकेल दिया गया है, जहां न उनके पास जोतने लायक खेत हैं, न सिंचाई के लिए कुआं, न खाने के ठीक अनाज।

नतीजतन, आज सहरिया समुदाय भारत का सबसे कुपोषित समुदाय है और सबसे कम साक्षर भी। भारत भर में जनजातीय साक्षरता जहां 41.2 फीसद है, वहीं सहरिया जनजाति में यह 28.7 फीसदी ही है। सहरिया महिलाओं में यह प्रतिशत तो 15 फीसद से थोड़ी ही अधिक है।

कूनो पालपुर से जिन 28 गांवों का विस्‍थापन हुआ है, उनमें 24 गांव सहरिया बहुल हैं। सहरिया वह जनजाति है, जिनकी आबादी में 2001 और 2011 की जनगणना के अनुसार लगातार कमी दर्ज की गई है। इसकी सबसे प्रमुख वजह है, इनकी जिंदगी का लगातार मुश्‍किल भरा होता जाना। भूख, कुपोषण, आजीविका का संकट और सबसे महत्वपूर्ण; जंगलों पर खत्‍म होती इनकी निर्भरता ने समुदाय के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया है।

विस्‍थापन से पहले सहरिया कूनो पालपुर के 345 वर्ग किलोमीटर में फैले घने जंगलों में लघु वनोपज, कंद-मूल, जड़ी-बूटियां, गोंद, चिरौंजी और महुआ बीनकर उन्‍हें बाजार में बेचकर अच्‍छा-खासा मुनाफा कमा लेते थे। सहरिया अच्‍छे शिकारी भी होते हैं। जंगली खरगोश, बत्तख वगैरह का शिकार उनके लिए मांस का स्रोत हुआ करता था। इससे उनके लिए प्रोटीनयुक्त खाना मिल जाया करता था। इसके अलावा वे जंगलों में झूम खेती के जरिए अपने लिए मोटे अनाज, चना, कई तरह की साग-सब्‍जियां उगा लेते थे।

श्‍योपुर जिला अमूमन सूखा प्रभावित रहा है। इसके बावजूद सहरिया आदिवासियों में इस कदर कुपोषण और बच्‍चों की मौत के मामले देखने को नहीं मिलते थे। इनमें मवेशी पालने का भी अच्छा शऊर था, ऐसे में उन्‍हें खाने लायक दूध, दही, घी तो मिल ही जाता था। जंगलों पर उनका आश्रित होना इस बात से झलकता है कि उनकी आमदनी का पचास से पैंसठ फीसदी हिस्‍सा गैर-जलाऊ सामान को बाजार में बेचकर हासिल हो जाता था। इसके अलावा उन्‍हें जंगलों से सूखी लकड़ियां, चारा और घरेलू इस्‍तेमाल के सामान भी मिल जाते थे़।

विकास के क्रम में, या फिर वन्य जीव संरक्षण जैसी गतिविधियों में कई दफा विस्थापन अपरिहार्य बन जाता है। लेकिन, ऐसे में अपनी जड़ों से उजाड़े लोगों को ससमय, उचित मुआवाज़ा, ज़मीन, रोज़गार, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाएं भी दी जानी चाहिएं। आखिर, शेर-चीतों को बचाते-बचाते हम अपने इंसानों को ब्रह्माजी की कहानी की तरह हाशिए पर धकेल तो नहीं सकते।

मंजीत ठाकुर

गुरुवार, 28 जुलाई 2016

एक चिंकारे की आत्महत्या

भई, सुलतान छूट गए। क़ातिल नहीं मिले। गवाह गायब हो गए। न्याय-व्यवस्था साफ कहती है, सौ दोषी छूट जाएं लेकिन किसी निर्दोष को सज़ा नहीं मिलनी चाहिए। तो इस बिनाह पर, मियां सलमान निर्दोष साबित भये। हिरण बेचारा मारा गया। बंदूक भी थी, लाश भी थी, बस न था तो कोई क़ातिल।

अब कहां ढूढ़ने जाओगे हिरण के क़ातिल? यूं करिए कि क़त्ल का इल्जाम हिरण पर ही रख दीजिए।

सलमान खान रिहा हो गए। गज़ब की ख़बर हुई। सुल्तान, दबंग या फिर भाईजान, जाने कितने नामों से मीडिया को खुशी से बेहाल होते देखा। हाई कोर्ट ने छोड़ा है तो सुप्रीम कोर्ट में भी छूट ही जाएंगे।

न, न सहारा की मिसाल न दीजिएगाः वे संपत्ति नहीं बेच पाए हैं, वाला उनका बयान मार्केट में चला नहीं है। वैसे भी सवाल इस बात पर खड़ा नहीं होना चाहिए कि सलमान को रिहाई कैसे मिली। सवाल तो यह होना चाहिए कि असल में हिरण मरे या नहीं मरे?

बल्कि कायदे से तो उस जंगल के हिरणों को इस अपराध में सज़ा देनी चाहिए कि उनकी वजह से एक मासूम सुपरस्टार को परेशानी हुई। हरिण बिरादरी पर मानहानि का दावा करना चाहिए सलमान को। एक सजा यह भी हो सकती है कि सलमान खान को अब हिरणों के शिकार की इजाज़त दे देनी चाहिए।

हिरण मूर्ख ही हैं। मूर्ख नहीं तो क्या.. कि दबंग के हाथों मरने के लिए बेकरार नहीं हो रहे? भाईजान के हाथों? उनको तो कतार में आना चाहिए, भाईजान एक लात मुझे, सल्लू भाई एक गोली इधर भी।

हरीश दुलानी का नाम आपने सुना ही होगा। इस मामले के चश्मदीद गवाह थे। लेकिन मीडिया को सलमान जितना ग्लैमर हरीश दुलानी में नहीं दिखा। दिखना भी नहीं चाहिए। सालों पहले जब इस खबर में हरीश दुलानी की कहानी शुरू हुई थी तो उसकी मां मिली थी एक मकान में बैठी हुई। बेटा गायब हो गया था। एक बार बयान देने के बाद गायब हो गया हरीश दुलानी। फिर सालों तक कहां रहा कुछ पता नहीं। एक दूसरा गवाह और था जो एक गांव में था, अच्छा-खासा आदमी पागलों की तरह बरताव कर रहा था और झोंपड़ी में उसकी हालत देख कर लगा था ज्यादा दिन जिंदा नहीं रहेगा। वही हुआ।

सलमान की राह के कांटे ज्यादा दिन टिकने वाले नहीं थे। सत्य की राह पर खड़े सलमान ने इसी वजह से शादी भी नहीं की। (ऐसा वह एक चैनल पर इंटरव्यू में बता रहे थे) हाय रे त्याग।

वैसे, कुछ साल बाद हरीश दुलानी वापस आ गया। दुलानी को अदालत ने कई बार सम्मन भेजे। कई बार उसकी तलाशी का नाटक हुआ। लेकिन किसी को उसका पता नहीं लगा। लेकिन किसी अदालत ने किसी अधिकारी को कठघरे में खड़ा करने की नहीं सूझी।

अदालतों की एक बात और सुंदर लगती है कि जब वो किसी को रिहा करती हैं तो जांच एजेंसी को काफी कोसती है लेकिन किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं करती। हालांकि, ऐसा करना भी उनके अधिकार-क्षेत्र में आता है। लेकिन यह तरीका फायदेमंद है।

भई, सांप भी न मरे और लाठी भी टूट जाए, यह कहावत किसी अक्लमंद ने ही बनाई होगी।

केस की मजेदार बात यह थी कि बचाव पक्ष को अहम गवाह से जिरह की जरूरत ही नहीं महसूस हुई।

बहरहाल, देश के सभी हिरणों से मेरी गुजारिश है कि वह यह मान लें कि जन्म उनका अगर हिरण में हुआ है तो मरना नियति है उनकी। तय है, हिरण हुए हो तो मारे ही जाओगे। जंगल में रहोगे, शेर से, शेर स बचे तो किसी बंदूक से। फिर कोई अदालत सज़ा न दे पाएगी, काहे कि सुबूत ही न होंगे। हिरणों के पक्ष में भी कभी कोई सुबूत हुआ है?

हिरण, तुम फुटपाथ पर सोओगे, तो याद रखना बीएमडब्ल्यू की जमात सड़को पर बेहिसाब दौड़ रही है, दिशाहीन, अनियंत्रित, जिनका कोई ड्राइवर नहीं है। अगर ड्राइवर है भी तो किसी ताकतवर का नौसिखिया नाबालिग छोकरा है। पता नहीं नशे में गाड़ी हो, या गाड़ियों में पेट्रोल की जगह शराब डाली जा रही है...हिरणों का कुचला जाना तय-सा हो गया है। देश की हिरणों...गाओ, हुड हुड दबंग-दबंग।


मंजीत ठाकुर